विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कैंची धाम में वीकेंड पर प्राइवेट और भारी वाहनों पर प्रतिबंध, प्रशासन ने जारी किया डायवर्जन प्लान

Published: Fri, 16 Oct 2026 11:22 PM (IST)

कैंची धाम में 17 और 18 अक्टूबर को वीकेंड पर श्रद्धालुओं की भीड़ के मद्देनजर यातायात और डायवर्जन प्लान जारी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 17-18 अक्टूबर को कैंची धाम में यातायात प्रतिबंध।

  2. निजी और भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई।

  3. श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग और शटल सेवा उपलब्ध।

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर के लिए यातायात और डायवर्जन प्लान जारी किया है। कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए वाहनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। कैंची धाम जाने वाले निजी वाहनों को मंदिर क्षेत्र तक प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

पुलिस के अनुसार, हल्द्वानी और काठगोदाम से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन खुटानी बैंड, भीमताल से धारी और धानाचूली बैंड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। वहीं, काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना जाने वाले वाहन सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग का इस्तेमाल करेंगे।

बसों और चौपहिया वाहनों के लिए यह व्यवस्था सुबह पांच बजे से रात आठ बजे तक लागू रहेगी। वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी व दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। भारी वाहनों के लिए 17 और 18 अक्टूबर को सुबह तीन बजे से रात 11 बजे तक आवागमन प्रतिबंधित किया गया है।

कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था

भीमताल की ओर से आने वाले पर्यटक अपने वाहन भीमताल विकास भवन पार्किंग में खड़े करेंगे। यहां से शटल सेवा के माध्यम से कैंची धाम पहुंचने की व्यवस्था की गई है। वहीं, गेठिया और नैनीताल की ओर से आने वाले पर्यटक भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में वाहन खड़े कर सकेंगे। यहां से भी मंदिर तक पहुंचने के लिए शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

यातायात नियमों का पालन करने की अपील

एसपी यातायात डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी व दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने पर्यटकों और वाहन चालकों से निर्धारित यातायात योजना का पालन करने की अपील की, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।