कैंची धाम में एक दिन में पहुंचे 30 हजार से ज्यादा भक्त, हाईवे पर वाहनों का दबाव...कई घंटे थमी रफ्तार
वीकेंड पर कैंची धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे घंटों तक जाम लगा रहा और वाहन रेंगते रहे।

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर जाम में फंसे वाहनों की कतार। जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, गरमपानी । विकेंड पर कैंची धाम में आस्था का सैलाब उमड़ने व हाईवे पर वाहनों का दबाव बढ़ने से सुबह से शाम तक वाहन रेंगते रहे। कई घंटे वाहनों की रफ्तार थमी रही।
मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों को आवाजाही करने वाले यात्रियों को जाम से तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। श्रद्धालु ने कई किमी दूर से पैदल ही मंदिर की दूरी नापी। कैंची, खैरना व भवाली पुलिस की टीम भी यातायात सुचारु कराने को जूझती रही।
सुबह से ही बाबा भक्तों की कतार
शनिवार को कैंची धाम में सुबह से ही बाबा भक्तों की कतार लगी रही। दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या हजारों में पहुंच गई। शाम तक तीस हजार से भी अधिक श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने से अल्मोड़ा हाईवे पर भी वाहनों का दबाव बढ़ने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई। घंटों तक वाहन रेंगते रहे।
यह भी पढ़ें- हनुमान अंश प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर ने कैंची धाम में टेका मत्था, हनुमान चालीसा का किया पाठ
कई बार घंटों जाम की स्थिति पैदा होने से दो से तीन किमी तक वाहनों की कतार लगी रही। मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालु व अल्मोड़ा, हल्द्वानी, रानीखेत, बागेश्वर, पिथौरागढ़ आदि क्षेत्रों को आवाजाही करने वाले यात्रियों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह तकरीबन दस बजे से शाम तक हाईवे पर वाहन रेंगते रहे।
जाम की समस्या से परेशान होकर कई श्रद्धालु कई किमी दूर से ही पैदल कैंची मंदिर पहुंचने को मजबूर हो गए। जाम में फंसे लोगों ने भी जाम की समस्या का स्थाई समाधान न होने पर गहरी नाराजगी जताई। आरोप लगाया की जाम से तमाम परेशानियों से जुझना पड़ रहा है बावजूद ध्यान नहीं दिया जा रहा।
विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने व्यवस्था में सुधार को ठोस कदम उठाए जाने की मांग उठाई है। कोतवाल भवाली प्रकाश मेहरा के अनुसार वाहनों का दबाव बढ़ने व हाईवे पर जगह जगह गिरे मलबे के कारण वन वे आवाजाही से जाम की स्थिति बनी। बामुश्किल व्यवस्था दुरुस्त की गई।
यह भी पढ़ें- कैंची धाम में पर्यटक महंगाई से परेशान, सर्वे में सामने आए कई चौंकाने वाले फैक्ट्स
बेतरतीब ढंग से पार्क वाहन भी बने परेशानी
गरमपानी : शनिवार को हाईवे पर लगे जाम का बड़ा कारण जगह जगह बेतरतीब ढंग से पार्क किए गए वाहन भी बने। कैंची व आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं को आश्रम लेकर पहुंचे वाहन चालकों ने जगह जगह वाहन गलत दिशा में बेतरतीब ढंग से पार्क कर दिए। वाहनों के गलत दिशा में पार्क होने से भी जाम लगता चला गया।
क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति सदस्यों ने गलत दिशा में बेतरतीब ढंग से वाहनों को पार्क कर व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई पर जोर दिया है।
