मकर राशि में तैयार हो रहा ग्रहों का महासंयोग, जानिए आपके राशि पर क्या पड़ेगा प्रभाव
मकर राशि में मंगल और शनि पहले से हैं। 30 मार्च को तड़के 3.40 बजे बृहस्पति मकर राशि में प्रवेश कर जाएंगे। मकर राशि में गुरु मंगल और शनि का यह महासंयोग चार मई तक रहेगा।
हल्द्वानी, जेएनएन : समूची दुनिया इस वक्त कोरोना वायरस की चपेट में हैं। वित्तीय वर्ष की शुरुआत होने से विभिन्न कंपनियों में काम करने वालों के साथ सरकारी विभागों में संविदा के आधार पर कार्य करने वालों के लिए यह समय अप्रेजल का है। ऐसे में शनि की राशि मकर में कॅरियर और रुपए को संचालित करने वाले गुरु ग्रह का गोचर सभी राशियों पर बड़ा प्रभाव डाल सकता है।
मकर राशि में मंगल और शनि पहले से हैं। 30 मार्च को तड़के 3.40 बजे बृहस्पति मकर राशि में प्रवेश कर जाएंगे। मकर राशि में गुरु, मंगल और शनि का यह महासंयोग चार मई तक रहेगा। ज्योतिषीय गणना के अनुसार गुरु मंगल और शनि का महासंयोग करीब 854 साल बाद होने जा रहा रहा है। ग्रहों के इस संयोग का करियर, आर्थिक स्थिति और जीवन के महत्वपूर्ण हिस्सों पर पड़ने वाले प्रभाव को बता रहे हैं वरिष्ठ ज्योतिषाचार्य डॉ. गोपाल दत्त त्रिपाठी और डॉ. नवीन चंद्र जोशी।
ग्रह परिवर्तन का राशियों पर रहेगा यह असर
मेष : गुरु के गोचर से करियर को नई रफ्तार मिलेगी। आपकी मेहनत को इस वक्त पहचान मिलेगी। प्रमोशन और नौकरी में बदलाव के भी योग बन रहे हैं। प्यार के लिहाज से भी समय अनुकूल है।
वृषभ : यात्रा कर सकते हैं। पुराने संपर्क सूत्रों से एक बार फिर से बात करना शुरू कर दें। नए लोगों के साथ भी अपनी बातचीत को बनाए रखें। करियर की दृष्टि से आपके लिए यह अच्छा समय है।
मिथुन : इस वक्त आपके लिए निवेश के मुद्दे प्राथमिकता पर होंगे। वित्तीय मामलों में लाभ की उम्मीद। नई योजनाओं की रूपरेखा तैयार कर सकते हैं। कर्ज लेने से बचें।
कर्क : वैवाहिक जीवन, साझेदारी के मामलों में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वैवाहिक जीवन में मधुरता कम रहेगी। जीवनसाथी खोज रहे लोगों की तलाश पूरी हो सकती है।
सिंह : बाधाएं दूर होंगी। कार्यक्षेत्र में विशेष ध्यान देने की जरूरत है। गुरु का साथ मिलने से आप अच्छा प्रभाव छोड़ सकते हैं। योग्यता का फल प्रमोशन के रूप में मिलने का योग है।
कन्या : पारिवारिक माहौल बेहतर रहेगा। जीवनसाथी के साथ नजदीकियां बढ़ सकती है। कुछ लोग इस वक्त शादी की प्लानिंग कर सकते हैं। कुल मिलाकर समय आपके अनुकूल है।
तुला : पारिवारिक जिम्मेदारियां बढ़ सकती हैं। मतभेद से बचें। धैर्य और समझदारी से काम लेने की जरूरत है। खुद को अकेला समझने के बजाय अच्छे वक्त का इंतजार करें।
वृश्चिक : परिस्थितियों का डटकर सामना करने की क्षमता विकसित होगी। पहले से अधिक आत्मविश्वास महसूस करेंगे। कम दूरी की यात्राएं करने का योग बन रहा है।
धनु : आय में वृद्धि होगी। गुरु का गोचर सुनहरा साबित होगा। कामगार और व्यवसायियों को धन लाभ हो सकता है। आय का कुछ पैसा दान स्वरूप जरूरतमंदों को भेंट करें।
मकर : खुद की सेहत की तरफ ध्यान दें। आपके मूड में काफी उतार-चढ़ाव रहेगा। करियर के मामले में सतर्क रहने की जरूरत है। संदेहास्पद लोगों से दूरी बनाए रखना बेहतर रहेगा।
कुंभ : आध्यात्म की ओर झुकाव बढ़ेगा। कुछ मामलों में समझौता करना आपके हित में रहेगा। कॅरियर के मामले में लाभ के संकेत हैं। धार्मिक यात्रा का योग बन रहा है।
मीन : समय अनुकूल है। परिवार और कार्यक्षेत्र में प्रगति हो सकती है। नए संपर्क सूत्र बढ़ाने और प्रफेशनल रिलेशन बढ़ाने की जरूरत है। कमाई के नए अवसर मिल सकते हैं।
यह भी पढें
= जाे जवान छुट्टी पर हैं वो नजदीकी थाने में ज्वाइन कर सकते हैं ड्यूटी