मानदेय को लेकर मेडिकल कॉलेज के जूनियर डॉक्टरों ने दिया धरना
मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के सभी जूनियर डॉक्टर आंदोलन में उतर आए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें छह महीने से मानदेय नहीं मिला है।
हल्द्वानी, [जेएनएन]: मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के सभी जूनियर डॉक्टर आंदोलन में उतर आए हैं। डॉक्टरों का कहना है कि उन्हें छह महीने से मानदेय नहीं मिला है। इसकी वजह से वे आर्थिक परेशानी से जूझ रहे हैं। बार-बार कॉलेज प्रशासन से अनुरोध किया जा चुका है। इसके बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
उपेक्षा से गुस्साए डॉक्टरों ने अस्पताल के प्रांगण पर धरना दिया। इससे पहले भी उन्होंने सांकेतिक धरना दिया था। तब कॉलेज प्रशासन से आश्वासन भी मिला था, फिर भी कुछ नहीं हुआ। एक बार उन्हें फिर आंदोलन करने को मजबूर होना पड़ा है।
मेडिकल कॉलेज के 110 जूनियर डॉक्टर सुबह डॉक्टर सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय की इमरजेंसी के बाहर धरने पर बैठ गए। उनका कहना था कि कॉलेज प्रशासन उनकी मांग पर गंभीरता से ध्यान दें। अगर उन्हें जल्द मानदेय नहीं मिलता है तो वे आगे भी कार्य बहिष्कार करने को बाध्य होंगे। इससे मरीजों को दिक्कत होगी।
इधर, जूनियर डॉक्टरों के आंदोलन को देखते हुए कॉलेज प्रशासन भी अलर्ट हो गया है। इस संबंध में कुछ डॉक्टरों की प्राचार्य डॉ चंद्र प्रकाश से बात भी हो चुकी है। प्राचार्य ने एक महीने का मानदेय आहरित करने का आश्वासन दिया है। कहा कि बाकी मानदेय भी अप्रैल तक दे दिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ ने काला फीता लगाकर किया प्रदर्शन
यह भी पढ़ें: छात्रों ने सड़क पर लेटकर लगाया जाम, नारेबाजी कर किया प्रदर्शन