यूपी और उत्तराखंड के लिए जरूरी जमरानी बांध प्रोजेक्ट, 5000 करोड़ पहुंचा बजट... केंद्र से मदद की दरकार
जमरानी बांध परियोजना का बजट 61 करोड़ से बढ़कर 5000 करोड़ हो गया है, जिसमें केंद्र से 3000 करोड़ की अतिरिक्त राशि मांगी जा रही है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। उत्तराखंड संग उत्तर प्रदेश के लिए अहम जमरानी बांध परियोजना की लागत अब पांच हजार करोड़ पहुंच चुकी है। जबकि 1975 में जब बांध निर्माण की चर्चा शुरू हुई थी तो इसकी लागत महज 61.25 करोड़ रुपये थी।
फिलहाल केंद्र के अलावा उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सहयोग से यह प्रोजेक्ट धरातल पर आगे बढ़ रहा है। पुरानी और स्वीकृत डीपीआर (वर्ष 2023) 3808 करोड़ की थी, जिसमें केंद्र सरकार की हिस्सेदारी 1700 करोड़ थी। लेकिन केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय की आपत्ति पर परियोजना से पावर प्लांट को हटा दिया गया।
केंद्र सरकार से तीन हजार करोड़ की मांग
राजस्व स्रोत पर ग्रहण लगने की वजह से अब केंद्र सरकार से तीन हजार करोड़ की मांग की जाएगी। केंद्र के समक्ष पैरवी में कोई कमी न रहे, इसलिए संशोधित डीपीआर का शासन स्तर की दो कमेटियों से सत्यापन कराया जाएगा।
सितंबर 2024 में जमरानी बांध का निर्माण शुरू हुआ था। 2029 तक प्रोजेक्ट को पूरा करना है। हल्द्वानी से लेकर ऊधम सिंह नगर के लोगों को बांध बनने के बाद पानी मिलेगा। इसके अलावा उत्तर प्रदेश के रामपुर और बरेली जिले से जुड़े 684 गांवों की 1,15,582 हेक्टेयर भूमि की सिंचाई की जरूरत पूरी होगी।
2023 में केंद्र सरकार ने प्रोजेक्ट को पीएम सिंचाई योजना में शामिल कर वित्तीय स्वीकृति दी थी। तब प्रोजेक्ट की लागत 3808 करोड़ थी। केंद्र सरकार का अंशदान 1700 करोड़ था। यूपी के 585 और उत्तराखंड के हिस्से 1517 करोड़ आते थे।
खास बात यह है कि उस समय उत्तराखंड ने परियोजना में 14 मेगावाट क्षमता वाले पावर प्लांट को भी शामिल किया था। अनुमान लगाया कि बिजली उत्पादन से सालाना 30 करोड़ की आय होने से राज्य सरकार के लिए आय का नया स्रोत भी तैयार होगा। लेकिन केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने टाइगर कारिडोर का हवाला देकर प्लांट को हटवा दिया।
मंत्रालय की शर्त मानने की वजह यह थी कि बांध निर्माण के लिए इस्तेमाल की जाने वाली 400 हेक्टेयर में से 350 हेक्टेयर जमीन वन विभाग से हस्तांतरित हुई थी। वहीं, जीएम महेश खरे के अनुसार मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई हाई पावर कमेटी की बैठक में चर्चा के बाद तय हुआ कि संशोधित डीपीआर पांच हजार करोड़ पहुंच चुकी है। केंद्र सरकार से हिस्सेदारी बढ़ाने की मांग की जाएगी।
यूपी पर 350 करोड़ की देनदारी, एक रुपया नहीं मिला
बांध का काम पांच साल में पूरा होना है। उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 585 करोड़ है। लेकिन पड़ोसी राज्य ने कोई भुगतान नहीं किया। जीएम के अनुसार हर साल 117 करोड़ का भुगतान होना था।
करीब 350 करोड़ की देनदारी हो चुकी है। शासन स्तर से पत्राचार किया गया है। जल्द लखनऊ में दोनों राज्यों के अधिकारियों की बैठक भी होगी। यूपी को केवल सिंचाई के लिए पानी मिलना है।
पांच हजार करोड़ का अलग-अलग चरणों में सत्यापन
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हुई बैठक में संशोधित डीपीआर को लेकर सैद्धांतिक स्वीकृति के साथ निर्देश भी जारी हुए हैं। नए बजट प्रस्ताव का अलग-अलग चरणों में सत्यापन होगा।
पहले विभागीय स्तर की वित्तीय समिति और उसके बाद शासन स्तर की समिति समीक्षा करेगी। प्रमुख सचिव से लेकर मुख्य सचिव के सामने प्रस्ताव पहुंचेगा। उसके बाद मामला केंद्रीय जल आयोग के पास पहुंचेगा। जहां तकनीकी और वित्तीय विशेषज्ञों से जुड़ी टीम अंतिम निर्णय लेगी।
अफसरों का तर्क, ऐसे बढ़ी परियोजना की लागत
2023 के बाद से डीपीआर में संशोधन नहीं हुआ है। सालाना महंगाई दर के आधार पर लागत बढ़ेगी। इसके लिए केंद्रीय अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग के फार्मूले के आधार पर लागत का आकलन होगा। बांध स्थल पर नींव की गहराई पहले 20 मीटर थी। डिजाइन में बदलाव कर 28 मीटर कर दिया गया। बांध के नजदीक स्थित डहरा गांव से लेकर बांध सुरक्षा से जुड़ा काम भी बढ़ाया गया।
खुदाई के दौरान सामने आई विषम भौगोलिक स्थिति के आधार पर यह निर्णय लिया गया। इसके अलावा नहर निर्माण के प्रस्ताव में कवरिंग को जोड़ने पर 53 करोड़ की अतिरिक्त जरूरत पड़ रही है। किच्छा के गडरियाबाग में स्थित पुनर्वास स्थल पर सी श्रेणी से जुड़े 233 युवाओं के लिए आवास का निर्माण करना है, जिस पर 70 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।