आर्मी कैंट में जम्मू कश्मीर के जवान ने लगाई फांसी, सेना ने दी परिजनों को सूचना
चंपावत जिले के बनबसा स्थित आर्मी कैंट में सेना के जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। जवान जम्मू कश्मीर का रहने वाला है जो हाल ही में छुट्टी काटकर लौटा था। सेना पुलिस ने जवान के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सूचना दे दी है।
बनबसा, जेएनएन : चंपावत जिले के बनबसा स्थित आर्मी कैंट में सेना के जवान ने संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या कर ली। जवान जम्मू कश्मीर का रहने वाला है, जो हाल ही में छुट्टी काटकर लौटा था। सेना पुलिस ने जवान के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सूचना दे दी है। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
कोतवाल धर्मवीर सिंह सोलंकी ने बताया कि बनबसा के आर्मी क्षेत्र में तैनात जैकलाई रेजिमेंट का 41 वर्षीय जवान सुभाष चंद्र पुत्र थारू राम जम्मू कश्मीर का रहने वाला है। वह कुछ समय से बनबसा के आर्मी कैंट एरिया में हवलदार के पद पर तैनात था। सेना के अनुसार वह 30 सितंबर को छुट्टी काटकर लौटा था। कोविड-19 के नियमों के तहत उसे अलग कमरे में 14 दिन के लिए क्वारंटाइन किया गया था।
बुधवार की सुबह आठ बजे सेना के लोग उसे खाना देने कमरे में गए तो उसे फंदे से लटका हुआ पाया। जवानों ने घटना की जानकारी अधिकारियों को दी। अधिकारियों व पुलिस की मौजूदगी में जवान के शव को फंदे से निकालकर पीएम के लिए संयुक्त चिकित्सालय टनकपुर लाया गया। पीएम के बाद सेना ने घटना की जानकारी उसके परिजनों को दे दी है।