निर्दलीय तय करेंगे कौन होगा नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष nainital news
नैनीताल जिले में अध्यक्ष की कमान उसी के हाथ होगी जिस चेहरे को निर्दलीय जीतने वाले सदस्यों का मत हासिल होगा। जिले में 27 सीटों में से 14 में निर्दलीय सदस्यों ने ही बाजी मारी है।
हल्द्वानी, गणेश जोशी : पंचायत चुनाव के परिणाम आने के बाद अब राजनीतिक दलों की नजरें जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर टिक गई हैं। नैनीताल जिले में अध्यक्ष की कमान उसी के हाथ होगी, जिस चेहरे को निर्दलीय जीतने वाले सदस्यों का मत हासिल होगा। जिले में 27 सीटों में से 14 में निर्दलीय सदस्यों ने ही बाजी मारी है। इसमें दो भाजपा के बागी भी शामिल हैं। इसके अलावा 10 भाजपा समर्थित तो तीन कांग्रेस समर्थित प्रत्याशियों ने जीत हासिल की है।
प्रत्याशी घोषित होने पर भाजपा ने शुरू की तैयारी
भाजपा ने जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर बेला तोलिया को प्रत्याशी अधिकृत कर दिया है। इसके साथ ही पार्टी ने राज्य बनने के बाद पहली बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद हासिल करने के लिए पूरा जोर लगा दिया है। 14 सदस्यों का समर्थन पाने के लिए पुरजोर कोशिश की जा रही है।
भाजपा के बागियों पर भी टिकी नजर
भाजपा ने अपने अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लडऩे पर मोहन सिंह बिष्ट व लाखन नेगी को पद के साथ ही पार्टी से भी निष्कासित कर दिया था। अब इन दोनों ने जिला पंचायत सदस्य पद पर जीत हासिल कर ली है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी किस तरह जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर वोट हासिल करने के लिए इनका सहयोग लेती है।
कांग्रेस में दिख रहा है सन्नाटा
कांग्रेस ने केवल 18 सदस्यों को ही अपना समर्थन दिया था, लेकिन इसमें से भी केवल तीन ने ही जीत दर्ज की है। कांग्रेस के राजनीतिक हलक में हलचल भी नजर नहीं आ रही है। जबकि राज्य बनने के बाद से ही इस जिले में पंचायत में कांग्रेस का दबदबा रहा है।
क्या कहते हैं पक्ष-प्रतिपक्ष
प्रदीप बिष्ट, जिलाध्यक्ष भाजपा ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष भाजपा का बनने जा रहा है। सभी जिला पंचायत सदस्य भाजपा सरकार की विकास नीतियों से प्रभावित हैं। भाजपा सरकार के साथ ही जुड़कर क्षेत्र में विकास संभव है। वहीं सतीश नैनवाल, जिलाध्यक्ष कांग्रेस ने बताया कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद को लेकर कांग्रेस की तैयारी पूरी है। जल्द पार्टी का उम्मीदवार घोषित किया जाएगा। अध्यक्ष पद पर कांग्रेस का कब्जा बरकरार रहेगा।
ये है विजयी जिला पंचायत सदस्य
ककोड़ नेहा निर्दलीय
गुलजारपुर बंकी आशा निर्दलीय
चापड़ जू आर्य कांग्रेस
सिमलखां आशा देवी भाजपा
चौखुटा विपिन चंद्र निर्दलीय
शिवलालपुर छोई किशोरी लाल भाजपा
गैबुआ ललित मोहन निर्दलीय
ढोलीगांव प्रेमा गोस्वामी निर्दलीय
चिल्किया नरेंद्र सिंह भाजपा
ज्योलीकोट लेखा भट्ट निर्दलीय
चोरगलिया आमखेड़ा निवेदिता जोशी निर्दलीय
बड़ौन मीना देवी निर्दलीय
तलिया पूजा भाजपा
ओखलकांडा मल्ला ममता निर्दलीय
गहना भावना कपिल भाजपा
मेहरागांव गीता बिष्ट निर्दलीय
मालधनचौड़ मीरा कांग्रेस
जग्गीबंगर मोहन सिंह बिष्ट निर्दलीय
अमृतपुर प्रेम बल्लभ बृजवासी निर्दलीय
देवलचौड़ बंदोबस्ती आनंद दरम्वाल भाजपा
सूपी कमलेश सिंह निर्दलीय
जंगलिया अनिल कुमार निर्दलीय
दाडि़मा लाखन सिंह भाजपा
भवालीगांव अंकित शाह कांग्रेस
दीनीतल्ली दीपक मेलकानी भाजपा
सरना संजय कुमार निर्दलीय
पनियाली बेला तोलिया भाजपा