विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी केस पर उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस-पुलिस में भिड़ंत, हिरासत में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष

Published: Thu, 03 Sep 2026 11:36 AM (IST)

युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी पर दर्ज केस वापस लेने और शुद्धीकरण कार्यक्रम के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हल्द्वानी में मशाल जुलूस निकाला।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के विरुद्ध दर्ज किए गए केस को वापस लेने और रामलीला मैदान में हुए शुद्धीकरण कार्यक्रम में शामिल लोगों के विरुद्ध् कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार शाम यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मशाल जुलूस निकालते हुए कोतवाली पहुंच गए।

यहां धरने पर बैठने के दौरान उनकी पुलिसकर्मियों संग जमकर नोकझोंक हुई। जिसके बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जबरन उठाना शुरू कर दिया। जिससे विवाद और बढ़ा। पुलिस ने युकां प्रदेश अध्यक्ष और एक छात्रनेता को हिरासत में लिया है।

आठ अगस्त को रामलीला मैदान में राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मौजूदगी में विजय शंखनाद रैली का आयोजन हुआ था। रैली के बाद हुए शुद्धीकरण कार्यक्रम को लेकर भाजपा-कांग्रेस में सियासी लड़ाई शुरू हो गई। शुद्धीकरण को दलित अपमान से जोड़ते हुए कांग्रेस ने केस दर्ज करने की मांग संग प्रदेश भर में धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिए।

यह भी पढ़ें- राहुल गांधी की बढ़ीं मुश्किलें, शुद्धीकरण को जातिगत रंग देने के आरोप में हल्द्वानी कोतवाली में दर्ज कराई गई शिकायत

राहुल गांधी ने भी इस मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। लेकिन रविवार को हल्द्वानी में राहुल गांधी के विरुद्ध् ही केस दर्ज हो गया। वहीं, आक्रोशित कांग्रेसी बुधवार शाम युकां प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में तिकोनिया से मशाल जुलूस निकालते हुए कोतवाली आ धमके और धरने पर बैठ गए। पूर्व पार्षद राधा आर्य का कहना था कि सरकार के दबाव में पुलिस ने दो सप्ताह से ज्यादा बीतने के बावजूद शुद्धीकरण कार्यक्रम करने वालों पर प्राथमिकी नहीं की।

जबकि राहुल गांधी पर तहरीर मिलने के दो घंटे में ही गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया जाता है। पुलिस के कहने के बावजूद भी जब युकां कार्यकर्ता धरने से नहीं उठे तो उन्हें जबरन उठाया गया। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि अध्यक्ष विशाल भोजक और छात्र नेता मेहुल साह को हिरासत में लेकर शांतिभंग के तहत कार्रवाई की गई है।

कोतवाली से अफसरों के भवन तक पहरा बरकरार

कांग्रेस के लगातार प्रदर्शनों को देखते हुए कोतवाली से लेकर पुलिस बहुद्देश्यीय भवन तक पुलिस का पहरा बरकरार है। बहुद्देश्यीय भवन में सीओ, एसपी से लेकर एसएसपी तक के कार्यालय है। कोतवाली परिसर के पिछले गेट पर भी बुधवार सुबह ही से जवान तैनात नजर आए।

शुद्धीकरण में शामिल लोगों के विरुद्ध् प्राथमिकी की मांग को लेकर गुरुवार को कांग्रेसी फिर से एसएसपी के पास पहुंचेंगे। वहीं, पुलिस पहरे काे लेकर एसपी सिटी मनोज कत्याल का कहना था कि विरोध-प्रदर्शन के चक्कर में सरकारी कार्य बाधित होने के साथ ही फरियादिओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसलिए पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।