हल्द्वानी कॉलेज में छात्रा से बैडटच करने वाले आरोपी शिक्षक को छात्रों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
एमबीपीजी कॉलेज में एक छात्रा ने अस्थायी शिक्षक पर छेड़खानी का आरोप लगाया, जिसके बाद छात्र नेताओं ने शिक्षक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल 'GEMINI' की मदद से बनाया गया है।
HighLights
छात्रा ने अस्थायी शिक्षक पर छेड़खानी का आरोप लगाया।
छात्रों ने आरोपी शिक्षक को कॉलेज परिसर में पीटा।
पुलिस ने हस्तक्षेप कर शिक्षक को बचाया, बाद में समझौता हुआ।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में छात्रा से छेड़खानी के आरोप में सोमवार दोपहर जमकर हंगामा हुआ। बीएससी तृतीय सेमेस्टर की छात्रा ने अस्थायी शिक्षक पर बैड टच करने का आरोप लगाया तो उसके सहपाठी और छात्रनेता भड़क गए। उन्होंने आरोपी शिक्षक को कालेज परिसर में घेर लिया। इस दौरान कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई।
छात्रों ने शिक्षक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह शिक्षक को छात्रों के चंगुल से छुड़ाया और कोतवाली ले गई। हालांकि बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया। छात्रा के अनुसार, तीन नवंबर को वह विभाग में जा रही थी। इसी दौरान अतिथि शिक्षक ने उसकी पीठ और कमर पर गलत तरीके से छुआ। घटना के बाद दीपावली का त्योहार होने के कारण वह तत्काल शिकायत नहीं कर सकी। सोमवार को उसने अपने सहपाठियों को इस बारे में बताया।
छात्रा के आरोप सुनकर सहपाठी और छात्रनेता आक्रोशित हो गए। दोपहर में उन्होंने शिक्षक को घेर लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई। छात्रों ने शिक्षक की पिटाई कर दी। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस कालेज पहुंची और शिक्षक को भीड़ से बचाकर साथ ले गई। छात्रा ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। बताया जा रहा है कि शिक्षक ने अपनी गलती के लिए लिखित माफीनामा भी दिया है। हालांकि, शिक्षक ने बैड टच के आरोपों को गलतफहमी बताया है।
शाम होने से पहले दोनों पक्षों में समझौता भी हो गया। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामला संज्ञान में आने पर शिक्षक को कोतवाली लाया गया था। इसके बाद छात्रा ने शिक्षक पर कार्रवाई से इन्कार कर दिया।