हल्द्वानी पीएसपी अस्पताल में प्रसूता की मौत पर बवाल, डॉक्टर हटाए गए
हल्द्वानी के पीएसपी अस्पताल में प्रसव के बाद एक महिला की मौत पर परिजनों ने हंगामा किया और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित पीएसपी अस्पताल में प्रसव के बाद 23 वर्षीय अर्शदीप कौर की मौत से आक्रोशित स्वजन ने शनिवार को अस्पताल परिसर में करीब छह घंटे तक प्रदर्शन किया। उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए संबंधित चिकित्सकों पर प्राथमिकी दर्ज करने और जांच पूरी होने तक उन्हें काम से रोकने की मांग की।
मामला बढ़ने पर एसपी सिटी हरबंस सिंह, सीएमओ रश्मि पंत और सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी मौके पर पहुंचे। सीएमओ ने सात दिन में जांच पूरी करने का आश्वासन दिया। फिलहाल, मामले की जांच पूरी होने तक इलाज करने वाले दोनों डाक्टरों को ड्यूटी से हटा दिया गया है।
आपरेशन और बाद के उपचार तक के सभी रिकार्ड उपलब्ध
वहीं अस्पताल प्रबंधन ने अर्शदीप के निधन पर गहरा दुख जताते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। प्रबंधन का कहना है कि भर्ती से लेकर आपरेशन और बाद के उपचार तक के सभी रिकार्ड उपलब्ध हैं। जांच में पूरा सहयोग किया जाएगा।
गौलापार के सीतापुर निवासी तलविंदर सिंह 11 नवंबर को अपनी पत्नी अर्शदीप को प्रसव के लिए पीएसपी अस्पताल लेकर पहुंचे। तलविंदर के अनुसार सीजेरियन डिलीवरी के बाद जच्चा-बच्चा दोनों को जनरल वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया। कुछ समय बाद अर्शदीप की तबीयत बिगड़ने लगी।
आरोप है कि अर्शदीप की हालत लगातार बिगड़ने के बावजूद डाक्टर इंजेक्शन लगाकर इलाज करते रहे। सांस लेने में परेशानी होने पर भी उसे दूसरे अस्पताल रेफर नहीं किया गया। दूसरे डाक्टर से परामर्श लेने की कोशिश पर अभद्रता की गई। बाद में फेफड़ों में पानी भरने और पेशाब बंद होने की जानकारी दी गई। अर्शदीप कौर ने अंतिम बार अपने पति को एक पन्ने में लिखकर दाल का पानी और एक गिलास मांगा था।
अर्शदीप की मौत व अस्पताल प्रबंधन के रवैये से गुस्साए स्वजन शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अस्पताल पहुंचे और प्रदर्शन किया। सूचना पर एसपी सिटी पुलिस बल के साथ पहुंचे। दो दौर की बातचीत के बाद भी सहमति नहीं बनी। बाद में सीएमओ, सिटी मजिस्ट्रेट और एसपी ने स्वजन से वार्ता कर निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। इसके बाद स्वजन ने तहरीर सौंपी और शाम करीब छह बजे धरना समाप्त किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वजन की ओर से तहरीर दी गई है। उपचार के दौरान या उसके बाद मरीज की मौत के मामलों में नए कानून के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा सकती है।
- हरबंस सिंह, एसपी सिटी
अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज और केस से संबंधित फाइलों को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। सोमवार से जांच शुरू होगी और सात दिन में रिपोर्ट ली जाएगी। महिला का पूर्व में किसी अन्य निजी अस्पताल में भी उपचार हुआ था, वहां से भी दस्तावेज जुटाए जाएंगे।
- रश्मि पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नैनीताल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।