यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 13, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बॉलीवुड में लकी साबित हुए हल्द्वानी के होनहार
प्रोड्यूसर के तौर पर हल्द्वानी के कठघरिया निवासी लक्की कमांडो बिष्ट की पहली म्यूजिक एलबम एहसास को नामी म्यूजिक कंपनी ने यूट्यूब पर रिलीज किया।

जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: बॉलीवुड में कुमाऊं की एक और युवा प्रतिभा ने दस्तक दी है। प्रोड्यूसर के तौर पर हल्द्वानी के कठघरिया निवासी लक्की कमांडो बिष्ट की पहली म्यूजिक एलबम एहसास को नामी म्यूजिक कंपनी ने यूट्यूब पर रिलीज किया। महज एक सप्ताह के भीतर ही इसे 87 हजार से ज्यादा व्यूअर्स मिले हैं। इसके अलावा सात ऑनलाइन म्यूजिक एप ने भी एलबम के गीतों को अपनी लिस्ट में शामिल किया है। बतौर प्रोड्यूसर इन दिनों लक्की इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए शॉर्ट फिल्म 'द लास्ट नाइट' और 'नियति चक्र' की शूटिंग कर रहे हैं। इन फिल्मों को 19 देशों में भेजा जाएगा। लक्की कमांडो बिष्ट को इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (इंपा) में बतौर सदस्य जगह मिली है। एसोसिएशन में बॉलीवुड के दिग्गज निर्माता-निर्देशक रामगोपाल वर्मा, संजय लीला भंसाली सहित तमाम बड़े निर्माता हैं। एफटीआइआइ पास आउट संतोष ओझा के निर्देशन में तैयार किए गए म्यूजिक एलबम की शूटिंग गोआ, जम्मू-कश्मीर में हुई है। इसमें मनीष उप्पल, अभि पांडे, संजना भट्ट, संदीप भारद्वाज, प्रियमवदा पांडे, इबरा खान ने अभिनय किया है। बॉलीवुड में लक्की बिष्ट के पहले म्यूजिक एलबम को काफी सराहना मिली है। ======== अगली फिल्म में होंगे नसीरुद्दीन शाह लक्की कमांडो बिष्ट ने बताया कि वह उत्तराखंड में अपनी फिल्मों की ज्यादा से ज्यादा शूटिंग कर बॉलीवुड का ध्यान उत्तराखंड की ओर आकर्षित करना चाहते हैं। उन्होंने बतया कि उन्होंने अपनी आने वाली फिल्म अलविदा माई रेस्टोरेंट के लिए बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह, बिपाशा बासू व नेहा धूपिया को साइन किया है। नैनीताल और भीमताल में फिल्म शूटिंग के लिए लोकेशन देखी जा चुकी है। बीस नवंबर से फिल्म की शूटिंग होगी। उन्होंने बताया कि इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के लिए बनाई जा रही फिल्म द लास्ट नाइट की शूटिंग 27 से 29 जून तक नैनीताल में होनी हैं।