हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में छात्र से मारपीट और रैगिंग की शिकायत, 30 से ज्यादा छात्रों से पूछताछ... अब पिता को बुलाया
हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र से मारपीट और रैगिंग की शिकायत मिली थी। एंटी रैगिंग कमेटी ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के एक छात्र के साथ रैगिंग और मारपीट की शिकायत सामने आई है।
छात्र के पिता से शिकायत मिलने के बाद कालेज प्रबंधन ने एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुलाकर मामले की जांच की। प्रारंभिक जांच में छात्र के साथ मारपीट या रैगिंग की पुष्टि नहीं हुई है। अब कालेज प्रबंधन ने शिकायतकर्ता पिता को पत्र भेजकर बुलाया है।
शिकायतकर्ता पिता को पत्र भेजकर बुलाया
कालेज प्रबंधन के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात वार्षिकोत्सव ‘क्रिसेंडो’ की तैयारियों को लेकर छात्रों की एक बैठक हुई थी, जिसमें विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया। द्वितीय वर्ष के एक छात्र का आरोप है कि इसी दौरान एमबीबीएस तृतीय वर्ष के छात्रों ने उसके साथ मारपीट की। घटना के बाद संबंधित छात्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहां से अगले दिन उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। मामले में 20 अक्टूबर को छात्र के पिता ने ईमेल के माध्यम से कालेज प्रबंधन को शिकायत भेजी और बेटे के साथ रैगिंग का आरोप लगाया। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कालेज प्रबंधन ने बुधवार को एंटी रैगिंग कमेटी की बैठक बुलाई।
जांच के दौरान घटना के समय मौजूद 30 से अधिक मेडिकल छात्रों से अलग-अलग पूछताछ की गई, लेकिन किसी भी छात्र ने मारपीट की पुष्टि नहीं की। कुछ छात्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता छात्र ने नवरात्र के मौके पर व्रत रखा था और बैठक के दौरान वह बेहोश हो गया था।
इसी आधार पर एंटी रैगिंग कमेटी ने प्रारंभिक जांच में रैगिंग व मारपीट के आरोपों की पुष्टि न होने की बात कही है। फिलहाल, कालेज प्रबंधन छात्र के पिता से दोबारा संपर्क कर उन्हें कालेज बुलाने का प्रयास कर रहा है।
एमबीबीएस द्वितीय वर्ष के छात्र से रैगिंग के मामले में एंटी रैगिंग कमेटी ने जांच की जिसमें शिकायत ठीक नहीं पाई गई है। अब शिकायतकर्ता पिता को कालेज बुलाने के लिए पत्र भेजा है। इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी। - डा. अजय आर्य, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कालेज हल्द्वानी
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के नर्सिंग कॉलेज में रैगिंग का शिकार जम्मू-कश्मीर का छात्र, एडमिशन के अगले ही दिन ही लौटा घर
