दोनों शादीशुदा, शादी से पहले से चल रहा था अफेयर... होटल में मिले, शक्तिवर्धक दवा खाने से युवक की मौत
हल्द्वानी के एक होटल में शक्तिवर्धक दवा खाने के बाद एक युवक की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। युवक ...और पढ़ें

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी । कोतवाली क्षेत्र के एक होटल में महिला के साथ ठहरे युवक की शक्तिवर्धक दवा खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई। उसे उपचार के लिए डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले में दिल्ली से हल्द्वानी पहुंची महिला को पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। युवक की मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच के बाद स्पष्ट होगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बिसरा जांच के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
पुलिस के अनुसार गौला गेट निवासी 32 वर्षीय युवक मंगलवार शाम एक महिला के साथ हल्द्वानी के एक होटल में ठहरा था। बताया जा रहा है कि युवक ने होटल में शक्तिवर्धक दवा का सेवन किया, जिसके कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। महिला ने होटल कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी।
इसके बाद युवक को तत्काल डा. सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक और महिला दोनों मुस्लिम समुदाय से हैं और पहले से शादीशुदा हैं। युवक के तीन बच्चे हैं, जबकि महिला के दो बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच शादी से पहले से प्रेम संबंध थे।
युवक अपने ननिहाल बदायूं में रहने के दौरान महिला के संपर्क में आया था। बाद में महिला की शादी दिल्ली में हो गई, जबकि युवक हल्द्वानी में रहने लगा। इसके बावजूद दोनों के बीच संपर्क बना रहा। बताया जाता है कि युवक के बुलाने पर महिला समय-समय पर उससे मिलने हल्द्वानी आती थी।
पोस्टमार्टम के बाद बिसरा सुरक्षित
एसएसआइ रोहिताश सागर ने बताया कि महिला दिल्ली की रहने वाली है और पहले से शादीशुदा है। मामले में पूछताछ के लिए उसे हिरासत में लिया गया है। युवक का पोस्टमार्टम कराने के बाद बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
