आज गोपाष्टमी पर करोड़ों लोग करेंगे गाय की पूजा, लेकिन सड़क किनारे दांव पर है बेसहारा गोवंशों की जान
गोपाष्टमी पर घरों में गायों की पूजा होगी, लेकिन हल्द्वानी की सड़कों पर बेसहारा गोवंश हादसों का कारण बन रहे हैं।

गोशालाओं में जगह की कमी और आर्थिक चुनौतियों के बीच नए आश्रय स्थल बनाने और मौजूदा को बेहतर करने के प्रयास जारी हैं।
HighLights
गोपाष्टमी पर घरों में गाय-बछड़ों की पूजा होगी।
हल्द्वानी में बेसहारा गोवंश से सड़क हादसे बढ़ रहे हैं।
राजपुरा गोशाला में जगह कम, मालधनचौड़ में नई बनेगी।
ललित मोहन बेलवाल, हल्द्वानी। गोपाष्टमी पर मंगलवार को घरों में गाय-बछड़ों की पूजा होगी, उन्हें तिलक लगाने के साथ चारा खिलाकर पुण्य कमाया जाएगा। पर घर से बाहर निकलते ही सड़क पर इसका स्याह पक्ष देखने को मिलेगा, जहां पर बेसहारा गोवंश कूड़े में भोजन तलाशते, वाहनों के बीच जान जोखिम में डालकर घूमते और राहगीरों की जान के लिए खतरा बनते नजर आएंगे।
शहरी क्षेत्र में नैनीताल रोड, कालाढूंगी रोड, रामपुर रोड पर गोवंश के झुंड हर दिन दिखाई देते हैं। यही नहीं गलियों में भी झुंड में नजर आते हैं। इसी तरह ग्रामीण क्षेत्र में गौलापार स्थित चोरगलिया रोड में भी बेसहारा गोवंश नजर आते हैं। ये वही गोवंश हैं, जिनका दोहन करने के बाद लोग बेसहारा छोड़ देते हैं और गोशालाओं में जगह नहीं होने के कारण ये शहर में घूमते हैं। ये बेसहारा गोवंश सड़कों पर घूमते हुए आए दिन हादसे का शिकार हो रहे हैं।
गौलापार में गोसेवा करने वाले प्रदीप उप्रेती ने बताया कि हर महीने चोरगलिया रोड पर गोवंश के कारण 15 से 20 हादसे हो रहे हैं। इनमें लोगों के साथ-साथ गोवंश भी चोटिल होकर जान गंवा रहे हैं। कई बार तेज रफ्तार गाड़ियों से डरकर और आपस में लड़कर भी गोवंश इधर-उधर भागते हुए नहर में गिर जाते हैं।
टिनशेड बना तो बढ़ जाएगी राजपुरा गोशाला की क्षमता
राजपुरा स्थित आश्रय केयर सेंटर गोशाला में वर्तमान में 254 गोवंश रखे गए हैं। इस गोशाला में हर दिन हादसों में चोटिल दो से तीन गोवंश पहुंचते हैं। इनका यहीं उपचार किया जाता हैं। गोशाला की संचालक निकिता सुयाल ने बताया कि गोशाला में नए गोवंश रखने के लिए जगह नहीं हैं। सिर्फ चोटिल जानवरों को ही लिया जा रहा हैं। यहां टिनशेड बनने पर लगभग 80 बेसहारा जानवरों को रखने के लिए और जगह हो जाएगी।
हर दिन चारे का खर्च 30 हजार, विभाग से मिलते हैं 20 हजार
नगर निगम की जमीन पर बनी गोशाला में सबसे ज्यादा खर्च चारे का है। यहां सुबह-शाम हरे चारे और भूसे का खर्च लगभग 30 हजार रुपये है। पशुपालन विभाग से प्रति जानवर प्रतिदिन 80 रुपये मिलने से 254 जानवरों पर 20,320 रुपये मिलते हैं। शेष खर्च दान के माध्यम से मिली राशि से चलता है।
कथावाचक डॉ. नवीन चंद्र जोशी ने कहा गोपाष्टमी पर पूजन के साथ-साथ गो सेवा का संकल्प लें। दोहन के बाद गोवंश को बेसहारा छोड़ देने से पाप के भागीदारी बनते हैं। अगर उन्हें नहीं पाल पा रहे हैं तो कहीं न कहीं गोशाला में भेज दें। ,
जिला पंचायत अपर मुख्य अधिकारीअनिल जोशी ने कहा जिला पंचायत के पास अभी गोशाला नहीं हैं, लेकिन मालधनचौड़ के पास 79 लाख से 100 से अधिक क्षमता की गोशाला बनाई जानी हैं। टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई हैं। साथ ही पशु वाहन भी खरीदा जा रहा हैं।
वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीएस टोलिया ने बताया कि गंगापुर कबड्वाल स्थित गोशाला में करीब 700 पशु हैं। यहां अभी और पशु शिफ्ट किए जाएंगे। राजपुरा स्थित गोशाला में टिनशेड का निर्माण करने की मांग उठी है। इस प्रस्ताव का परीक्षण किया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।