दीपावली पर हल्द्वानी में हाई अलर्ट, संदिग्धों पर पैनी नजर
दीपावली पर हल्द्वानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है, जिसमें नैनीताल पुलिस ने पूरे जिले में हाई अलर्ट ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। दीपावली पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नैनीताल पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी है। बाजारों में उमड़ती भारी भीड़, रेलवे स्टेशनों और बस अड्डों की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।
त्योहार की आड़ में चोरी, छिनैती या किसी भी तरह के हुड़दंग को रोकने के लिए सादे कपड़ों में पुलिस टीमें तैनात हैं, जो संदिग्धों पर पल-पल की पैनी नजर रख रही हैं।
एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में पुलिसकर्मी पैदल गश्त कर रहे हैं। प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थानों और मुख्य मार्गों पर भी निगरानी रखी जा रही है।
शनिवार को रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की टीम ने सर्च अभियान चलाया, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके। वहीं, देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वाले लोगों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस नजर रख रही है।
एसएसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को नियमित गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने आमजन से भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल सूचना देने की अपील की है।