जासं, हल्द्वानी: Haldwani Crime: लालडांठ के पास खाली प्लाट में मिले युवक की हत्या की गई थी। हत्यारोपित ने पुलिस को बताया कि मृतक नशे में धुत होकर उसके घर में घुस गया और पत्नी से छेड़छाड़ की। इस पर उसने लोहे की राड से उसे पीट दिया। युवक घर से दूर प्लाट पर जाकर लेट गया। वहीं पर उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने प्राथमिकी के बाद हत्यारोपित को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया है। एसएसपी पंकज भट्ट ने बताया कि 29 जनवरी को लालडांठ में आकाश इनक्लेव के पास खाली प्लाट पर अज्ञात युवक का शव मिला था। युवक के सिर पर चोट के निशान मिले थे।

सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली

मौके पर पहुंचे सीओ सिटी भूपेंद्र सिंह धोनी व एसओ रमेश बोरा ने शव को मोर्चरी भिजवाकर जांच शुरू कर दी थी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। जिसमें एक युवक मृतक को पीटता हुआ दिखा था। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो उसने अपना नाम सीबीगंज, बरेली, (उत्तर प्रदेश) व हाल प्रतापपुरम कालोनी, लालडांठ निवासी दिनेश मौर्या बताया।

उसने बताया कि रविवार की तड़के वह घर पर सोया था। इस बीच आरोपित उसके घर जबरदस्ती घुस गया और पत्नी से छेड़छाड़ की। आरोपित नशे में धुत था। विरोध करने पर मारपीट करने लगा। इस पर उसने लोहे की रॉड से उसे पीट दिया। युवक घर से घायल होकर चला गया और कुछ दूरी पर प्लाट में लेट गया। ठंड व चोट लगने से उसकी मौत हो गई।

पुलिस टीम में एसओ रमेश बोरा, एसओ कालाढूंगी नंदन सिंह रावत, एसआइ सोमेंद्र सिंह, सिपाही इसरार नबी, रणवीर सिंह, एहसान अली व धीरज आदि मौजूद रहे। ,

पीटने के बाद मृतक को पिलाई थी चाय

एसओ रमेश बोरा ने बताया कि हत्यारोपित ने युवक को पीटने के बाद घर के बाहर बैठाकर चाय पिलाई थी। इसके बाद युवक घर से उठकर चला गया था। लेकिन कुछ दूर पर वह खाली प्लाट में लेट गया। सिर में गंभीर चोट लगने पर उसकी मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव को मोर्चरी में रखा है। आसपास के लोगों से उसके बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। बताया जा रहा है कि मरने वाला व्यक्ति बिहार का रहने वाला है। घटनास्थल से मिली बेल्ट घटनास्थल से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की राड के अलावा एक बेल्ट भी बरामद की है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार युवक को लोहे की राड व बेल्ट से भी पीटा गया है।

Edited By: Nirmala Bohra