बहन के घर आए युवक ने देर रात अवैध असलहे से खुद को गोली मारकर की खुदकुशी
बहन के घर आए युवक ने खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के लिए शव को कब्जे में ले लिया।
बाजपुर, जेएनएन : बहन के घर आए युवक ने खुद को गोली मारकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के लिए शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस के अनुवसार युवक पिछले कुछ समय से डिप्रेशन में था। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
मूलरूप से ग्राम पस्तोर बदायूं (उप्र) निवासी सोनू (32) पुत्र गंगा सिंह यहां बाजपुर के ग्राम नमूना में अपनी बहन के घर पिछले करीब डेढ़ माह से रह रहा था। इसी बीच रविवार की देर रात सोनू ने अज्ञात कारणों के चलते अवैध असलहे से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर उसकी बहन व अन्य परिजनों की नींद खुल गई। उन्होंने खून से लथपथ सोनू को देखा तो कोहराम मच गया। आनन-फानन में ही परिजन उसे सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर बरहैनी चौकी प्रभारी संदीप पिलखवाल मय फोर्स के मौके पर पहुंच गए और घटना स्थल का बरीकी से निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार मूलरूप से बदायूं निवासी सोनू के परिवारजन पानीपत में किराए पर रहकर मेहनत-मजदूरी करते हैं। करीब दो माह पूर्व उसकी पत्नी ने भी पानीपत में सुसाइड कर लिया था जिसके चलते सोनू डिप्रेशन में चला गया। वहीं पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।