शिक्षा का उद्देश्य केवल उपाधि पाना नहीं, बल्कि चरित्र और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना: राज्यपाल
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री नहीं, बल्कि चरित्र और व्यवहार का विकास है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षा समारोह में राज्यपाल डा. ढाल सिंह बिसेन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र और व्यवहार को बेहतर बनाना भी है। शिक्षा से व्यक्ति में समझ, सही-गलत की पहचान और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव पैदा होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने ज्ञान और कौशल का उपयोग समाज और देश के विकास में करने का आह्वान किया।
बुधवार को आयोजित दीक्षा समारोह में राज्यपाल ने कहा कि डिग्री मिलने के साथ विद्यार्थियों की एक नई जिम्मेदारी भी शुरू होती है। अब उन्हें अपने ज्ञान के माध्यम से समाज के लिए बेहतर काम करना है। उन्होंने श्रीमद्भागवतगीता के श्लोक का उल्लेख करते हुए कहा कि ज्ञान से बढ़कर कुछ नहीं है। ज्ञान ही व्यक्ति को सही रास्ता दिखाता है और उसके विचारों को बेहतर बनाता है राज्यपाल ने कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से उन लोगों तक उच्च शिक्षा पहुंचा रहा है, जो किसी कारण से नियमित पढ़ाई नहीं कर पाते।
विश्वविद्यालय की ओर से आठ गांवों को गोद लेकर विकास कार्यों में सहयोग, एक लाख से अधिक पुस्तकों का निश्शुल्क वितरण और सामुदायिक रेडियो हैलो हल्द्वानी 9.2 एफएम जैसी पहल सराहनीय हैं। उन्होंने 'फिन बोध', 'उत्तरा वाणी' और 'ज्ञान कोष' की भी प्रशंसा की। सैनिकों और जेलों में बंद लोगों तक शिक्षा पहुंचाने के प्रयासों को भी महत्वपूर्ण बताया।
तकनीक के साथ नैतिकता भी जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि आज कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक तेजी से दुनिया को बदल रही हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और प्रशासन में इनका इस्तेमाल बढ़ रहा है। ऐसे में तकनीक का उपयोग लोगों के हित में और जिम्मेदारी के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति में भी विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल और व्यक्तित्व विकास पर जोर दिया गया है।
विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका अहम
राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। इसके लिए युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के साथ नए विचारों और नवाचार को अपनाना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ देश के विकास में योगदान देने की अपील की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।