राजकीय शिक्षक संघ चुनाव : अब मंडल की कुर्सी पाने की जुगत में शिक्षक नेता NAINITAL NEWS
दो साल के लंबे इंतजार के बाद राजकीय शिक्षक संघ की कुमाऊं मंडल शाखा के चुनाव अल्मोड़ा में छह व सात सितंबर को होंगे। इसके लिए तैयारियां तेज हो गईं हैं।
हल्द्वानी, जेएनएन : दो साल के लंबे इंतजार के बाद राजकीय शिक्षक संघ की कुमाऊं मंडल शाखा के चुनाव अल्मोड़ा में छह व सात सितंबर को होंगे। मंडल अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री समेत आठ पदों पर दावेदारी को लेकर शिक्षक नेताओं के बीच सोशल वार शुरू हो चुका है। कभी एक साथ जिला शाखाओं के जरिये शिक्षक हितों की लड़ाई लडऩे वालेशिक्षक नेता अब मंडल की कुर्सी पाने के लिए एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।
राजकीय शिक्षक संघ की मंडलीय कार्यकारिणी में जगह बनाने को शिक्षक नेता खासे उत्साहित हैं। छह जिलों से मंडल अध्यक्ष पद पर इस बार चार दावेदार अब तक सामने आ चुके हैं। इसके अलावा मंडल मंत्री पद पर चार, उपाध्यक्ष पद पर तीन व महिला उपाध्यक्ष पद पर एक दावेदार चुनाव मैदान में है। पोस्टर, बैनर, पंपलेट चिपकाने के इतर दावेदारों ने सोशल मीडिया को चुनावी हथियार बनाया है। वॉट्सएप ग्रुप, फेसबुक में जमकर चुनाव प्रचार किया जा रहा है। खास बात यह है कि निवर्तमान कार्यकारिणी के कुछ पदाधिकारी दोबारा किस्मत आजमा रहे हैं। वहीं, जिला शाखाओं के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मंत्री आदि भी चुनाव लड़ रहे हैं। सबसे अधिक प्रत्याशी नैनीताल व अल्मोड़ा जिले से अब तक सामने आए हैं। यहां जिला कार्यकारिणी के अध्यक्ष, मंत्री खुद एक-दूसरे के खिलाफ अध्यक्ष पद पर दावेदारी पेश कर रहे हैं।डॉ. सोहन सिंह माजिला, प्रांतीय महामंत्री, राजकीय शिक्षक संघ उत्तराखंड का कहना है कि मंडलीय चुनाव की तैयारियां पूरी की जा चुकी है। शिक्षा मंत्री अरविंद पांडेय मुख्य अतिथि रहेंगे। छह व सात सितंबर को आयोजित अधिवेशन के लिए अवकाश भी स्वीकृत कराया जा चुका है।
किस जिले से कितने दावेदार
मंडल अध्यक्ष - नैनीताल से तीन, बागेश्वर से एक
मंडल उपाध्यक्ष - नैनीताल से दो, अल्मोड़ा से एक
मंडल मंत्री - नैनीताल व अल्मोड़ा से दो-दो
महिला उपाध्यक्ष - अल्मोड़ा से एक
संगठन मंत्री - अल्मोड़ा से एक
यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव में आरक्षण सूची को लेकर फैलाई जा रहीं अफवाहें