विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 20, 2020 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

सर्वहारा वर्ग के आराध्‍य देव हैं गंगनाथ, अंग्रेजों के नैनीताल आने से पहले 1815 में ग्रामीणों ने स्‍थापित किया था गंगनाथ मंदिर

By Prashant MishraEdited By:
Published: Sun, 20 Dec 2020 10:03 AM (GMT+05:30)Updated: Sun, 20 Dec 2020 07:08 PM (GMT+05:30)

आस्था के केंद्र गंगनाथ मंदिर की स्थापना 1815 में अर्थात अंग्रेजों के नैनीताल आने से पहले ही हो गई थी। यह मंदिर ग्रामीणों द्वारा स्थापित किया गया था। शुरुआत में यह एक घंटी वाला मंदिर था जो आज भव्य बना दिया गया है।

चिड़ियाघर जाने वाले पर्यटक भी यदि ऊपरी पहाड़ी तक गए तो मंदिर में दर्शन को जरूर पहुंचते हैं।
चिड़ियाघर जाने वाले पर्यटक भी यदि ऊपरी पहाड़ी तक गए तो मंदिर में दर्शन को जरूर पहुंचते हैं।

 

नैनीताल, किशोर जोशी। नैनीताल के चिड़ियाघर की पहाड़ी में सबसे ऊपर स्थापित आस्था के केंद्र गंगनाथ मंदिर की स्थापना 1815 में अर्थात अंग्रेजों के नैनीताल आने से पहले ही हो गई थी। यह मंदिर स्नोव्यू से रातिघाट गरमपानी जाने के पैदल रास्ते के ग्रामीणों द्वारा स्थापित किया गया था। शुरुआत में यह एक घंटी वाला मंदिर था, जो आज भव्य बना दिया गया है। चिड़ियाघर जाने वाले पर्यटक भी यदि ऊपरी पहाड़ी तक गए तो मंदिर में दर्शन को जरूर पहुंचते हैं।

गंगनाथ सर्वहारा वर्ग के अराध्य देव हैं। कुमाऊं के गांव गांव में गंगनाथ के मंदिर हैं। इतिहासकार प्रो अजय रावत के मुताबिक गंगनाथ डोटी नेपाल के राजा उदय चन के सबसे बड़े पुत्र थे। एक दिन राजा ने ज्योतिषी को बुलाकर उनका भविष्य जाना तो ज्योतिषी ने कहा कि यह 12 साल में बैराग्य ले लेगा, इसलिए 12 साल से पहले सात बार शादी कर दी जाय और लोहे की मूर्तियों से यह कार्य संपन्न किया जाय।

किदवंती के अनुसार गंगनाथ जब 12 साल के हुए तो उन्हें स्वप्न में एक लड़की दिखाई दी। जिससे स्वप्न में उनका प्रेम संबंध स्थापित हो जाता है। जनश्रुति के अनुसार इस लड़की का नाम भाना था और यह अल्मोड़ा में दनयां के कुरकौली की निवासी थी। एक दिन गंगनाथ पनार नदी पार करते हुए गांव पहुंच गए तो लड़की ने रस्सी के सहारे उन्हें कमरे में खींच लिया और गांववासियों ने यह देख लिया। उन्होंने  उसके मां बाप को बताया और गांव के ब्राह्मणों ने राय मशविरा कर गंगनाथ की हत्या कर दी। गंगनाथ प्रेत योनि में चले गए और गांववासियों को कष्ट देना शुरू कर दिया। इस परेशानी से बचने के लिए गांववालों ने गंगनाथ का मंदिर स्थापित किया औऱ देवता जैसा सम्मान दिया जाने लगा। गंगनाथ की यह कहानी जागर में भी गाई जाती है।

इतिहासकार प्रो रावत इस जनश्रुति को गलत ठहराते हैं। उनके अनुसार उदय चन ने कुमाऊं के चंद वंशीय शासकों के ऊपर 17 वीं शताब्दी में आक्रमण किया था। तब तक चंपावत में चंद की राजधानी केंद्र में होने के कारण अल्मोड़ा में स्थापित की गई। इस युद्ध में गंगनाथ मारे गए और अदम्य साहस दिखाते हुए अपने राज्य के लिए प्राण न्यौछावर कर दिए। 

उत्तराखंड व नेपाल के लोगों में प्राचीन काल से ही मान्यता है, जो भी योद्धा देश के लिए युद्ध क्षेत्र में प्राण त्याग देता है, उन्हें देवत्व प्राप्त होता है। यह प्रथा इसलिए प्रारम्भ की गई थी। उत्तराखंड व नेपाल के निवासी इसी कारण जब भी कोई सैनिक युद्ध क्षेत्र में मारा जाता है तो उनकी पत्नी या माता को राजधानी में बुलाकर राजा उनको सम्मानित करने के साथ चरणवंदना करता था। उसके बाद पूरे शहर में उन्हें घुमाया जाता था, जनता फूल बरसाती थी। इसके अतिरिक्त उनके खर्च के लिए जागीर दी जाती थी, जिसे रौत कहा जाता है। चिड़ियाघर स्थित गंगनाथ मंदिर के पुजारी संतोष पांडेय के अनुसार मंदिर में सर्वधर्म के लोग आते हैं। श्रद्धालुओं के सहयोग से ही मंदिर को भव्य बनाया गया है। मंदिर में लगी घंटियां यह बताने को काफी है कि गंगनाथ दुःख कष्ट दूर करने वाले आराध्य देव हैं।

यह भी पढ़ें : राजभवन निर्माण को आए सिखों के अरदास के लिए नैनीताल में हुई थी गुरुद्वारा की स्थापना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।