गणपति बप्पा मोरया के जयघोष के साथ विराजे गजानन, आज से शुरू होंगे मुख्य आयोजन
चित्रा नक्षत्र के योग में सिंदूर दूर्वा आदि से विघ्नहर्ता का पूजन किया गया। शहर के मुख्य स्थानों के अलावा घरों में भी गणपति को विराजित किया गया है। देवभूमि सामाजिक मंच की ओर से साईं भजन हॉल में मूर्ति प्रतिष्ठित की गई।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : अद्भुत उत्साह के माहौल में गणपति बप्पा मोरया के जयघोष व ढोल-नगाड़ों के बीच शुक्रवार को भगवान गणेश पंडालों में विराजित हो गए। चित्रा नक्षत्र के योग में सिंदूर, दूर्वा आदि से विघ्नहर्ता का पूजन किया गया। शहर के मुख्य स्थानों के अलावा घरों में भी गणपति को विराजित किया गया है। देवभूमि सामाजिक मंच की ओर से साईं भजन हॉल में मूर्ति प्रतिष्ठित की गई। राजकुमार केसरवानी मुख्य यजमान रहे। श्री सनातन धर्म सेवा समिति की ओर से प्राचीन देवी मंदिर में मूर्ति स्थापित की गई।
ढोल-नगाड़ों के बीच विराजे गजानन
वैश्य महासभा ने राम मंदिर परिसर में ढोल-नगाड़ों के बीच मूर्ति स्थापित की। पंडित विवेक शर्मा ने विधिवत पूजन किया। यहां वैश्य महासभा अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद गुप्ता, महामंत्री विनीत अग्रवाल, भवानी शंकर नीरज, महिला समिति अध्यक्ष सीमा देवल, खुशबू जायसवाल, कुसुमलता केसरवानी आदि मौजूद रहे।
भक्तों ने निकाली शोभायात्रा
नव युवक संघ की ओर से हिमालय फार्म में मूर्ति स्थापित की गई। समता आश्रम गली गायत्री मंदिर से भक्तों ने आयोजन स्थल तक शोभायात्रा निकाली। संघ अध्यक्ष सोनू पुरी ने बताया कि शनिवार शाम सुंदरकांड का पाठ होगा। सुबह-शाम आरती के बाद भक्तों में प्रसाद वितरित किया जाएगा।
बैंड बाजे के धुन पर थिरके भक्त
प्राचीन शिव मंदिर कमेटी मंगलपड़ाव की ओर से लक्ष्मी शिशु मंदिर में पंडाल सजाया गया है। बैंड बाजे के साथ नाचते भक्तों ने गणपति बप्पा मोरया का जयघोष किया। धर्मेंद्र गुप्ता मुख्य यजमान रहे। यहां संयोजक हरिमोहन अरोरा, सुभाष मोंगा, स्वर्ण लाल, रूपेंद्र नागर, गंगा जायसवाल, पदम पाल, नंद किशोर, दिनेश अग्रवाल, हिमांशु मिश्रा आदि मौजूद रहे।
विराजित हुए पटेल चौक के राजा
पटेल चौक में पंडित चंद्रशेखर जोशी ने विधि पूर्वक मूर्ति की स्थापना की। पूर्व पालिकाध्यक्ष रेनू अधिकारी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहीं। इस दौरान गणेश महोत्सव समिति संरक्षक कमल बोरा, भोजराज वर्मा, अध्यक्ष संजय पाटिल, सचिन सामंत, संजय भोषले, संजय राजपूत, अशोक धनवड़े, अमोल पाटिल आदि मौजूद रहे।