Move to Jagran APP

धोखाधड़ी कर 20 लाख का प्लाट हड़पने का आरोप, बुजुर्ग महिला ने पुलिस को पत्र देकर लगाई न्याय की गुहार

महिला ने आइटीआइ थाना पुलिस को पत्र देकर तीन लोगों पर धोखाधड़ी करके 20 लाख का प्लाट हड़पने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि अपराधी प्रवृत्ति के पड़ोसी ने उसके विश्वास का नाजायज फायदा उठा कर 20 लाख का चूना लगा दिया।

By Prashant MishraEdited By: Published: Sat, 16 Jan 2021 02:44 PM (IST)Updated: Sat, 16 Jan 2021 02:44 PM (IST)
धोखाधड़ी कर 20 लाख का प्लाट हड़पने का आरोप, बुजुर्ग महिला ने पुलिस को पत्र देकर लगाई न्याय की गुहार
प्लाट पर किसी ने अवैध कब्जा कर लिया है। इसलिए उन्हें प्लाट बेच देना चाहिए।

जागरण संवाददाता, काशीपुर (ऊधमसिंह नगर) : बुजुर्ग महिला ने आइटीआइ थाना पुलिस को पत्र देकर तीन लोगों पर धोखाधड़ी करके 20 लाख का प्लाट हड़पने का आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि अपराधी प्रवृत्ति के पड़ोसी ने उसके विश्वास का नाजायज फायदा उठा कर 20 लाख का चूना लगा दिया। महिला ने अपने बुढ़ापे का वास्ता देकर थाना पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

loksabha election banner

आइटीआइ थानाध्यक्ष को दिए पत्र में नगर के सुभाष नगर मोहल्ले की निवासी दुर्गेश शर्मा ने बताया के उनका एक प्लाट आइटीआइ थाना क्षेत्र के गांव खड़कपुर देवीपुरा में है। जिसकी कीमत करीब 20 लाख रुपये है। उनके पड़ोस में एक अपराधी प्रवृत्ति का व्यक्ति रहता है। पड़ोसी ने उनकी शारीरिक और आर्थिक स्थिति की जानकारी होने के बाद उनका प्लाट हड़पने की योजना बनाई। उन्हें बताया गया कि उनके प्लाट पर किसी ने अवैध कब्जा कर लिया है।  इसलिए उन्हें प्लाट बेच देना चाहिए। 20 अक्टूबर 2020 को रात करीब 7:00 बजे पड़ोसी दो अन्य लोगों के साथ उनके घर आया। उनसे जमीन खरीदने की बात करने लगा। उन्होंने मना किया तो पड़ोसी कहने लगा कि दंपती बुजुर्ग हो गए हैं।

प्लाट किसी से लड़कर छुड़वा पाना उनके बस की बात नहीं है। इसलिए उन्हें प्लाट बेच देना चाहिए। पड़ोसी ने कहा कि वह दंपती का प्लाट बिकवा देगा। झांसे में आकर वह प्लाट बेचने को तैयार हो गए। 11 लाख में सौदा तय हुआ। 11 लाख का चेक देकर उनसे पावर आफ अटार्नी लिखवा ली गई। जब उन्होंने 11 लाख का चेक बैंक में लगाया तो वह बाउंस हो गया। इस तरह उनका प्लाट पावर आफ अटार्नी से पड़ोसी ने अपने नाम करवा लिया और उन्हें एक पैसा भी नहीं दिया। महिला ने अपनी उम्र और आर्थिक स्थिति का हवाला देकर पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में एसओ आइटीआइ विद्यादत्त जोशी से बात की गई तो उन्होंने मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.