ऑनलाइन बाइक बेचने के नाम पर 81 हजार की ठगी करने वाला फ्रॉड हरियाणा से गिरफ्तार
बीते वर्ष सात दिसंबर को गणेश सिंह पुत्र हेमंत सिंह निवासी बास्ती कांडा के मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति सुनील का फोन आया। फोन पर उसने आनलाइन मोटरसाइकिल बेचने का झांसा दिया। गणेश सिंह ने सुनील के बताए खातों में आनलाइन 81 हजार 259 रुपए डाल दिए थे।
बागेश्वर, जागरण संवाददाता : ऑनलाइन सामान बेचने के नाम पर 81 हजार की ठगी करने वाले आरोपित को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित को कोर्ट में भेज कर हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया है। बीते वर्ष सात दिसंबर को गणेश सिंह पुत्र हेमंत सिंह निवासी बास्ती, कांडा के मोबाइल नंबर पर एक व्यक्ति सुनील का फोन आया। फोन पर उसने आनलाइन मोटरसाइकिल बेचने का झांसा दिया। गणेश सिंह उनकी बातों में आ गया। पीड़ित ने सुनील के बताए खातों में आनलाइन 81 हजार 259 रुपए डाल दिए। जब सामान नहीं मिला तो तब पीड़ित को पता चला की उसके साथ आनलाइन ठगी हो गई।
पीड़ित ने कमेड़ीदेवी चौकी में पुलिस को आपबीती बताई। पुलिस ने आइटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की। जिसके बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई। आरोपित सुनील कुमार पुत्र शेर सिंह निवासी मऊ, थाना फिरोजपुर झिरका, जिला- नूह मेवात, हरियाणा उम्र-19 वर्ष की लोकेशन ट्रैस की गई। न्यायालय ने भी उसकी गिरफ्तारी के लिए वारंट जारी कर दिया। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अमित श्रीवास्तव ने पुलिस टीम बनाई।
तीन दिन पूर्व एसओजी की टीम एसआइ कुंदन रौतेला, प्रह्लाद सिंह, त्रिवेणी प्रसाद जोशी, चंद्र प्रकाश बवाड़ी, नरेंद्र गोस्वामी, राजेश भट्ट ट्रैस किए गए लोकेशन पर पहुंचे। आरोपित काे उसके घर फिरोजपुर झिरका थाना जिला नुहू, हरियाणा से गिरफ्तार किया। बुधवार को आरोपित को हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया है। एसपी अमित श्रीवास्तव ने बताया कि सर्तकता से ही साइबर ठगी से बचा जा सकता है। किसी भी सूरत में अपने बैंक एकाउंट की जानकारी, ओटीपी नंबर आदि ना बताए। बैंक आपसे कभी भी आपकी व्यक्तिगत जानकारी नही पूछता है।
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें