दिल्ली, कानपुर और मुंबई के लिए दिसंबर से भर सकेंगे उड़ान, जानिए कितना होगा किराया
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण दिसंबर में ’उड़ान’ योजना के तहत पंतनगर से प्रतिदिन दिल्ली-पंतनगर-कानपुर-मुंबई के बीच सस्ती हवाई सेवा शुरू करने जा रहा है।
पंतनगर, जेएनएन : पंतनगर एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई और कानपुर के लिए आने जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण दिसंबर में ’उड़ान’ योजना के तहत पंतनगर से प्रतिदिन दिल्ली-पंतनगर-कानपुर-मुंबई के बीच सस्ती हवाई सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके लिए हवाई सेवा प्रदाता कंपनी स्पाइस जेट से अनुबंध किया गया है। कंपनी इस रूट पर बम्बार्डियर क्यू-400 टाइप (82 सीटर) विमान संचालित करेगी। क्षेत्रीय संपर्क योजना (आरसीएस) के तहत इस हवाई सेवा का किराया एक हजार से तीन हजार रूपए के बीच निर्धारित किया गया है।
एयरपोर्ट डायरेक्ट एसके सिंह ने बताया कि दिसंबर में दिल्ली-पंतनगर-कानपुर-मुंबई के बीच सस्ती हवाई सेवा शुरू हो रही है। स्पाइस जेट इस रूट पर 82 सीटर विमान का संचालन करेगी। यह फ्लाइट दिल्ली से सुबह चलकर पंतनगर व कानपुर होते हुए मुंबई पहुंचेगी। वापसी में यह फ्लाइट कानपुर व पंतनगर होते हुए शाम दिल्ली पहुंचेगी। इस फ्लाइट को एक स्टाप से दूसरे स्टाप तक पहुंचने में 40 से 70 मिनट लगने की संभावना है। ’उड़ान’ योजना के तहत प्रत्येक स्टाप का न्यूनतम किराया एक हजार से तीन हजार रूपए निर्धारित किया गया है। इसके सामान्य किराये का अंतर प्रदेेश सरकार वहन करेगी। इस हवाई सेवा के शुरू होने से कुमायुं के यात्रियों को सुविधाएं प्राप्त होने सहित पर्यटन को भी पंख लगेंगे।