विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 07, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नैनीताल की ऊंची चोटियों पर मौसम का पहला हिमपात

By JagranEdited By:
Published: Mon, 07 Jan 2019 06:30 AM (IST)

सरोवर नगरी से सटी ऊंची चोटियों पर रविवार को मौसम की पहली बर्फबारी हुई।

नैनीताल की ऊंची चोटियों पर मौसम का पहला हिमपात
नैनीताल की ऊंची चोटियों पर मौसम का पहला हिमपात

जागरण संवाददाता, नैनीताल: सरोवर नगरी से सटी ऊंची चोटियों पर रविवार को मौसम की पहली बर्फबारी से सैलानियों के चेहरे खिल गए। देर शाम हिमालय दर्शन में हल्का हिमपात हुआ। जबकि स्नोव्यू, टिफिनटॉप व नयनापीक चोटी में भी हिमकण गिरे। पर्यटकों ने चोटियों पर पहुंचकर हिमपात का लुत्फ उठाया।

मौसम विभाग के हिमपात के पूर्वानुमान के चलते सैलानियों का शनिवार से ही शहर पहुंचना शुरू हो गया था। रविवार को अधिकांश समय आसमान में बादल छाए रहने से हिमपात की उम्मीद बंधी हुई थी। शाम चार बजे बाद नगर में बूंदाबांदी शुरू हो गई। जबकि ऊंची चोटियों पर हिमकण गिरने लगे, जो टिक नही पाए। इसके बाद नगर से छह किमी दूर हिमालय दर्शन में बर्फ जमनी शुरू हो गई। वहां पहुंचे सैलानियों ने बर्फबारी में खूब मस्ती की। विभिन्न शहरों से आए सैलानियों ने हिमपात के साथ जमकर सेल्फी ली। अंधेरा होने तक हल्की बर्फबारी हुई। जीआइसी मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल में अधिकतम तापमान 10 व उंचाई वाले क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस रहा। पश्चिमी विक्षोभ की शिथिलता से नहीं हो सकी भारी बर्फबारी

नैनीताल: मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के शिथिल पड़ने के कारण नैनीताल व मुक्तेश्वर में भारी हिमपात की आस जाती रही। मौसम विभाग के राज्य निदेशक डॉ. विक्रम सिंह के अनुसार यह विक्षोभ शुरुआती चरण में काफी तीव्र था। जिसके प्रभाव से कश्मीर और हिमाचल में जबरदस्त हिमपात हुआ, परंतु मुनस्यारी, उत्तरकाशी समेत चंद स्थानों पर यह अपना असर कम दिखा सका। शेष स्थानों में हल्का फुल्का ही सक्रिय रहा। अब इसका छंटना शुरू हो जाएगा। छंट चुका है बर्फबारी का वह दौर

नैनीताल: बर्फबारी का तीन दशक पुराना दौर अब छंट गया है। तीस सालों के अंतराल में एक-दो बार ही एक फीट के करीब हिमपात हुआ है। जबकि कई साल ऐसे भी गुजरे हैं, जब बर्फ गिरी ही नही। स्नोव्यू निवासी गोविंद लाल कहते हैं कि यहां के मौसम इतना बदलाव आ चुका है, जिसकी कभी कल्पना भी नही की थी। 60 से 90 के दशक के बीच कई-कई फीट बर्फ गिरा करती थी। तराई-भाबर में सोमवार को छाया रहेगा कोहरा

हल्द्वानी: हल्द्वानी में रविवार देर शाम हल्की बारिश हुई। दोपहर के समय शहर में अधिकतम तापमान 22.0 और न्यूनतम 3.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार को आसमान साफ रहेगा, कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। उत्तराखंड में विशेषकर कुमाऊं क्षेत्र में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ पड़ने की संभावना है। जबकि ऊधमसिंह नगर सहित आसपास के मैदानी भागों में रात्रि व सुबह के समय उथला कोहरा रहेगा।