वेतन नहीं देने वाले होटल-पब्लिक स्कूलों के खिलाफ दर्ज कराएंगे एफआईआर
भारतीय मजदूर संघ की एक पब्लिक स्कूल में आयोजित बैठक में शहर के कतिपय पब्लिक स्कूल व होटल प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को वेतन नहीं देने पर आक्रोश प्रकट किया गया।
नैनीताल, जेएनएन : भारतीय मजदूर संघ की एक पब्लिक स्कूल में आयोजित बैठक में शहर के कुछ पब्लिक स्कूल और होटल प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों को वेतन नहीं देने पर आक्रोश प्रकट किया गया।
शुक्रवार को हुई बैठक में कहा गया कि प्रतिष्ठित होटल व पब्लिक स्कूलों द्वारा महीनों से कर्मचारियों को वेतन नहीं दिया जा रहा है। संघ को स्कूल प्रबंधकों तथा होटल मालिकों द्वारा अपने कर्मचारियों को नौकरी से निकालने की धमकी व वेतन न देने की बार बार शिकायत मिल रही है। संघ ने कर्मचारियों को वेतन ना दिये जाने की शिकायत जिला प्रशासन की, इसके बाद मालिकों द्वारा कर्मचारियों को वेतन नही दिया गया है।
बैठक में तय किया गया कि यदि इन पब्लिक स्कूल व होटलों ने अपने कर्मचारियों को एक सप्ताह के भीतर वेतन नहीं दिया तो संघ प्रबंधक व मालिकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करायेगा। होटल एवं विद्यालय कर्मचारी संघ अध्यक्ष मदन सिंह गैडा ने कहा कि चार माह से कर्मचारियों को वेतन ना मिलने से रोजी-रोटी एवं किराया देने की बहुत बड़ी समस्या उत्पन्न हो गई है।
संघ के मंत्री विरेन्द्र खंकरियाल ने आगाह किया कि यदि जल्द ही कर्मचारियों को वेतन ना दिया गया तो भुखमरी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है। इस स्थिति में कर्मचारी सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे। बैठक में हरीश चौधरी , होटल कर्मचारी महासंघ के महामंत्री नरेंद्र पपोला, शिक्षक खीमराज देउपा, हरीश विश्वकर्मा, जगदीश प्रकाश, राजेन्द्र प्रसाद, संजीव प्रशाद, पुष्कर विष्ट, जगदीश चद्र, संजीव कुमार, हेम चंद्र, अमर सिंह प्रकाश राम, राजेंद्र कुमार , सुमन देउपा, सीमा ढेला, सुनीता जोशी, तारा गुप्ता सहित होटल व विधालय कर्मचारी संघ के कई कर्मचारी उपस्थित रहे।