बकाया वसूली के लिए पहुंची टीम को देख किसान ने खाया जहर, केस दर्ज
जहरीला पदार्थ खाने वाले बीस लाख के बकाएदार किसान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। संग्रह अमीन ने सरकारी काम में बाधा डालने व जान से मारने के प्रयास का मामला दर्ज कराया है।
ऊधमसिंहनगर, जेएनएन : जहरीला पदार्थ खाने वाले बीस लाख के बकाएदार किसान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। संग्रह अमीन ने सरकारी काम में बाधा डालने व जान से मारने के प्रयास का मामला दर्ज कराया है। वही दूसरी ओर किसान की पत्नी ने भी राजस्व कर्मियों के खिलाफ अभद्रता करने की तहरीर पुलिस को दी है।
डियोढर गांव में शनिवार को तहसीलदार के साथ राजस्व विभाग की टीम बूटा सिंह से बीस लाख का ऋण वसूली करने गई थी। जिसके बाद राजस्व कर्मियों के व्यवहार से क्षुब्ध होकर किसान बूटा सिंह ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। इस मामले में संग्रह अमीन मोहम्मद सादिक ने बूटा सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जिसमें कहा गया है कि बूटा सिंह बीस लाख से अधिक का बैंक के राजस्व का वकाएदार है। जिसकी आरसी भी जारी हो चुकी है। इसी धनराशि की वसूली के लिए तहसीलदार विपिन पंत के साथ संग्रह अमीन बूटा सिंह के घर गए थे। बकाया धनराशि मांगने पर बूटा ने देने से साफ इंकार कर दिया। जिसके बाद उसे गिरफ्तारी देने को कहा गया। जिसके बाद बूटा सिंह ने अभ्रद व्यवहार किया। फावड़े से संगह अमीन अशोक कुमार छाबड़ा को मारने का प्रयास किया। इसी दौरान वह मौके से भाग निकला। संग्रह अमीन की तहरीर पर बूटा सिंह के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पत्नी जहर खाने का ये बताया कारण
बूटा सिंह की पत्नी शुभदीप कौर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया है कि उनके पति बूटा सिंह पर कृषि लोन लिया था जिसका वाद आयुक्त कुमाऊं के न्यायालय में विचाराधीन है। यह बात तहसील कर्मियों को मालूम थी। शुभदीप का आरोप है कि शनिवार को राजस्व विभाग की टीम के लोग जबरन उसके घर में घुस आए महिलाओं से बदसलूकी करते हुए गाली गलौज करने लगे। इसके बाद घर के लोगों को जबरन अपनी गाड़ी में बिठाने लगे। इसी दौरान उनके पति बूटा सिंह खेत से घर पहुंचे थे। उन्होंने परिवार की महिलाओं के साथ राजस्व कर्मियों के अशोभनीय व्यवहार को देखकर क्षुब्ध हो गए। और उन्होंने जहरीले पदार्श का सेवन कर लिया। जिससे उनकी हालत गंभीर हो गई। जिनका इलाज पीलीभीत के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। किसान की पत्नी ने बदसलूकी करने वाले राजस्व कर्मियो के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। प्रभारी कोतवाल मदन मोहन जोशी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें : रिसॉर्ट में बर्थडे मना रहे परिजनों के साथ मारपीट, फायरिंग कर मचाई दहशत