सर्वे टीम के सामने रो पड़े किसान
ओलावृष्टि और बारिश से पांडे गांव में फसल को हुए नुकसान का जायजा लेने पहुंची टीम के सामने किसानों ने उन्हें विस्तार से जानकारी दी।
संवाद सहयोगी, भीमताल : ओलावृष्टि और बारिश से विकासखंड के अन्तर्गत पांडे गांव में फसल क्षति का जायजा लेने पहुंची विभागीय टीम के सामने किसानों ने अपना दर्द बयां किया।
उन्होंने बताया कि गांव में काश्तकारी के अलावा आजीविका का कोई और माध्यम नहीं है। सभी किसान कम जोत की श्रेणी में है। फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। इस दौरान कुछ किसानों की आंखें छलक आई। सर्वे टीम में पट्टी पटवारी राधे राणा, सहायक उद्यान अधिकारी आनंद बिष्ट, काश्तकार नितेश बिष्ट, उप प्रधान विनोद पांडे, लक्ष्मण बिष्ट, जीवन पोखरिया, हरेन्द्र रावत आदि थे। उन्होंने सरकार से नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को पर्याप्त मुआवजा प्रदान की मांग की।
इधर विधायक राम सिंह कैड़ा ने विकासखंड ओखलकांडा के बड़ौन, टीमर, चमोली कालाआगर में ग्रामीणों की जनसभा कर समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने क्षेत्र में बंदरों के उत्पात के बारे में बताया। कहा कि मैदानी क्षेत्रों से बंदरों को पर्वतीय क्षेत्रों में छोड़ा जा रहा है। बंदरों के हमले और खेती को नुकसान पहुंचने की घटनाएं बढ़ रही हैं। विधायक कैड़ा ने वन विभाग के अधिकारियों को फोन कर किसी भी स्थिति में बंदरों को क्षेत्र में नहीं छोड़ने के निर्देश दिए। समस्या का समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। इस मौके पर जगत सिंह बोहरा, खड़क सिंह बिष्ट, गंगा सिंह, रवि गोस्वामी, दलीप सिंह हरक सिंह राम सिंह मेवाड़ी, मोहन सिंह, गोपाल सिंह, देव सिंह आदि उपस्थित थे। उनका कहना था कि यदि ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वह क्षेत्र भ्रमण पर आने वाले अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों का घेराव करेंगे।