पर्यावरण मित्रों ने मांगी स्थायी नौकरी व पीएफ
उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ 11 सूत्रीय मांगों को लेकर फिर मुखर हो गए हैं।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ 11 सूत्रीय मांगों को लेकर फिर मुखर हो गया है। सोमवार को नगर आयुक्त सीएस मर्तोलिया को ज्ञापन सौंपते हुए पर्यावरण मित्रों ने कहा कि संगठन की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो पांच नवंबर से कार्यबहिष्कार पर चले जाएंगे।
उत्तरांचल स्वच्छकार कर्मचारी संघ के पदाधिकारी सोमवार को हल्द्वानी शाखा अध्यक्ष विनय पाल के नेतृत्व में नगर आयुक्त से मिले। कहा कि वर्षो से स्वच्छता समिति में अस्थायी तौर पर काम कर रहे कर्मचारियों को नियमित करने, रिक्त पदों को भरने समेत 11 सूत्रीय मांगों को लेकर संगठन लगातार आवाज उठाता रहा है। पिछले दिनों हुई वार्ता के बाद निगम प्रशासन ने सार्थक कार्यवाही की बात कही थी, मगर तय समय के बाद भी किसी तरह की कार्यवाही नहीं हुई है। ज्ञापन सौंपने वालों में शाखा महामंत्री सुनील चौधरी, जिला अध्यक्ष सुरेश लाला, महिला मोर्चा की अध्यक्ष माया नथानी, मीरा चंडालिया, सोनी, रीना, मधु, राजेंद्र, जगदीश भाई, जगपाल, अशोक राज, संजीव कुमार, विशाल कुमार, कैलाश आदि लोग मौजूद रहे। कर्मचारियों की प्रमुख मांगें
-संविदा व स्वच्छता समिति कर्मचारियों को नियमित किया जाए।
-अस्थायी सफाई कर्मचारियों को पीएफ का लाभ मिले।
-नए क्षेत्र व रिटायर्ड कर्मचारियों के स्थान पर नई नियुक्ति की जाए।
-अस्थायी कर्मचारियों को बीमा का लाभ मिले।
-अस्थायी सफाई कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश की सुविधा मिले।
-अवकाश के दिनों में अतिरिक्त काम करने पर ओवर टाइम मिले।
-वाहन चलाने वाले सफाई कर्मचारियों को वाहन चालक का वेतन मिले।