कॉर्बेट टाइगर रिजर्व में बाइक सवार वन गूजर पर हाथी ने किया हमला, भागकर बचाई जान nainital news
कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत झिरना रेंज मेें हाथी ने बाइक सवार वन गूजर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। उसने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई।
रामनगर, जेएनएन : कॉर्बेट टाइगर रिजर्व के अंतर्गत झिरना रेंज मेें हाथी ने बाइक सवार वन गूजर पर हमला कर उसे घायल कर दिया। उसने किसी तरह मौके से भागकर जान बचाई। शोर मचाने पर अन्य लोग भी मौके पर आ गए। वनकर्मी द्वारा घायल वन गूजर को संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। हाईवे पर भी आए दिन हाथियों के हमले की खबरें आती रहती हैं।
तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो क्षेत्र मेें गूजर बस्ती पश्चिमी बीट में वन गूजरों का परिवार रहता है। रविवार की सुबह गूजर गुलाम मुस्तफा झिरना क्षेत्र की ओर बाइक से जा रहा था। इस बीच मोड़ पर अचानक जंगली हाथी आ गया। जैसे ही वह संभलने की कोशिश करता तभी हाथी ने सूंड से हमला कर उसे नीचे गिरा दिया। वह किसी तरह उठकर झाड़ी की ओर भागा। हाथी भी कुछ दूर तक उसके पीछे भागा।
इसके बाद उसने शोर मचाया तो गूजर बस्ती के लोग मौके पर पहुंचे। हाथी के हमले से उसके कूल्हे व कमर में चोट लग गई। सूचना पर झिरना के वन दारोगा कुंदन सिंह गूजर बस्ती में पहुंचे। इसके बाद उसे वह संयुक्त चिकित्सालय लेकर आए। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया। उसकी हालत खतरे से बाहर है।
यह भी पढ़ें : कार्बेट में सांभर-चीतल के पॉलीथिन खाने से है बाघ और तेंदुओ की जान को खतरा
यह भी पढ़ें : अल्मोड़ा में निमोनिया से तेंदुए की मौत, वनकर्मियों ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा