भवाली में महिला की गला दबाकर हत्या का प्रयास
बाजार से घर लौट रही एक महिला पर भवाली गांव के एक व्यक्ति ने हमला बोल दिया। जब तक महिला कुछ समझ पाती तब तक उसने गला दबा दिया, जिससे महिला बेहोश होकर गिर पड़ी।
By Edited By: Published: Sat, 21 Jul 2018 09:44 PM (IST)Updated: Tue, 24 Jul 2018 05:02 PM (IST)
संवाद सहयोगी, भवाली : बाजार से घर लौट रही एक महिला पर भवाली गांव के एक व्यक्ति ने हमला बोल दिया। जब तक महिला कुछ समझ पाती तब तक उसने गला दबा दिया, जिससे महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। आरोपित महिला को मृत समझकर पचास मीटर गहरी खाई में फेंक गया। महिला को होश आने पर उसकी चीख पुकार सुनकर वहां से गुजर रहे राहगीरों ने उसे खाई से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने वहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे बीडी पांडे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। शनिवार को देर शाम दुर्गा देवी 35 पत्नी घनश्याम लाल निवासी चौरसा बाजार से घर की ओर जा रही थी, जिस वाहन में वह लौट रही थी उसी वाहन में भवाली गांव निवासी दिनेश चंद्र भी बैठा हुआ था। गांव के पास पहुंचने पर महिला उतरी तो उसके साथ दिनेश भी उतर गया। जैसे ही महिला पैदल मार्ग की ओर बढ़ी तो आरोपित दिनेश ने महिला पर पीछे से हमला कर दिया और मारपीट करने लगा। विरोध करने पर उसने गला दिया और महिला को मृत समझकर खाई में फेंक गया। राहगीरों ने घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा महिला को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे बीडी पांडे अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। महिला की हालत अभी गंभीर बनी हुई है। फिलहाल आरोपित के खिलाफ कोई तहरीर राजस्व पुलिस के पास दर्ज नहीं करवाई है। घटना की पूरी जानकारी के लिए राजस्व पुलिस और कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। ---------------------- महिला की हालत गंभीर महिला अभी कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं है। आरोपित ने उस पर जानलेवा हमला क्यों किया इस बात की जानकारी अभी राजस्व पुलिस और कोतवाली पुलिस को नहीं मिल पाई है। उपचार के दौरान जब महिला से घटना के बारे में जानकारी लेनी चाही तो वह कुछ बोल नहीं पाई। हाथों से इशारा करके बताने की कोशिश की, लेकिन कोई समझ नहीं पाया। फिलहाल महिला के स्वास्थ्य में सुधार आने पर ही असल कारणों का पता चल पाएगा।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें