नैनीताल के मालरोड पर शराबी पर्यटकों का हाई-वोल्टेज ड्रामा, झील में नहाने और सड़क जाम करने पर पुलिस ने लगाई फटकार
नैनीताल के मालरोड पर दो शराब के नशे में धुत पर्यटकों ने हंगामा किया, जिसमें एक झील में नहाने लगा ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
मालरोड पर दो पर्यटकों ने शराब के नशे में हंगामा किया।
एक पर्यटक झील में नहाने उतरा, दूसरे ने सड़क जाम की।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पर्यटकों को फटकार कर छोड़ा।
जागरण संवाददाता, नैनीताल। शहर के मालरोड क्षेत्र में शराब के नशे में धुत दो पर्यटकों की हरकतों ने आवाजाही कर रहे राहगीरों को भी असहज कर दिया। एक पर्यटक झील में उतर नहाने लगा तो दूसरे ने बीच सड़क लेटकर यातायात बाधित कर दिया। काफी देर के हंगामे और लोगों के टोकने के बाद भी पर्यटक नहीं माने तो पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस कांस्टेबल ने सख्ती दिखाकर पर्यटक को झील से बाहर निकलवाया।
जानकारी के मुताबिक बुधवार दोपहर मालरोड क्षेत्र में लोग सामान्य आवाजाही कर रहे थे। इसी बीच क्षतिग्रस्त हुई लोअर मालरोड में दो पर्यटक नशे में धुत होकर पहुंचे। जिसमे से एक कपड़े उतार नहाने के लिए झील में उतर गया। जबकि दूसरा अपर मालरोड में लेट गया। जिससे यातायात भी बाधित हो गया।
राहगीरों ने पर्यटकों को इस हरकत के लिए काफी टोकाटाकी की, लेकिन दोनों नशे में चूर नजर आए। अनहोनी की आशंका के चलते लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना पर मल्लीताल कांस्टेबल मनोज जोशी मौके पर पहुंचे और झील में नहा रहे पर्यटक को किसी तरह बाहर निकलवाया।
वही सड़क पर लेटे पर्यटक को भी बमुश्किल सड़क से उठाया गया। हालांकि पुलिस ने नशे में धुत पर्यटकों के हंगामा करने के चलते बिना कार्रवाई ही छोड़ दिया। एसएसआई दिनेश जोशी ने बताया कि पूछताछ में दोनों पर्यटकों ने हरियाणा निवासी होने की बात स्वीकारी थी, कांस्टेबल द्वारा डांठ फटकार कर दोनों को छोड़ दिया।
