कूड़ेदान पटे अब सड़कों पर उपज रही बीमारी
नगर के कई स्थानों में लंबे समय से सफाई व्यवस्था चरमराई गई है।
जासं, नैनीताल : नगर के कई स्थानों में लंबे समय से सफाई व्यवस्था चरमराई गई है। एक पखवाड़ा बीत जाने के बाद भी कूड़ेदानों से कूड़ा नहीं हटाया गया है। अब कूड़ा सड़को पर फैल रहा है, जिससे बीमारी बढ़ने का खतरा बढ़ गया है। क्षेत्रवासियों में भी आक्रोश फैल रहा है। मल्लीताल के ऊंचाई वाले क्षेत्र, डीएसबी क्षेत्र, ओकवुड स्कूल के समीप आदि क्षेत्रों में अधिकांश जगहों पर पालिका द्वारा लगाए गए कूडे़दान भर चुके हैं, जिससे नगर में जगह-जगह पर कूडे के ढेर लग गए हैं। लोगों का सड़क पर चलना मुश्किल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने तत्काल कूड़ा हटाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि इसे जल्द से जल्द नहीं हटाया गया तो बीमारियों का भी प्रकोप बढ़ सकता है। पैदल मार्ग में वाहनों का कब्जा
नैनीताल : तल्लीताल से कचहरी पैदल मार्ग में वाहनों की आवाजाही से लोग बेहद नाराज हैं। इस मार्ग पर स्कूली बच्चों के आने जाने के वक्त वाहनों के आवागमन पर रोक लगाए जाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर वाहनों पर रोक लगाने के लिए कई बार पुलिस व जिला प्रशासन से अनुरोध किया गया, लेकिन अभी तक आवागमन जारी है। इससे दुर्घटना का भय बना रहता है। इधर, इस मार्ग पर वाहनों की संख्या दिनों दिन बढ़ती जा रही है। लोगों का कहना है कि कई बार इसकी शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक व्यवस्था जस की तस है। स्थानीय लोगों को हमेशा दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।