महिला की हत्या कर शव कल्याणी नदी में फेंकने के मामले में कलेक्ट किया डीएनए सैंपल
हत्या के बाद हाथ पैर बांधकर बोरे में कल्याणी नदी में फेंके गए महिला के शव की शिनाख्त में पुलिस जुट गई है। इसके लिए डीसीआरबी के जरिए राज्य के साथ ही उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों की पुलिस से गुमशुदा लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर : हत्या के बाद हाथ पैर बांधकर बोरे में कल्याणी नदी में फेंके गए महिला के शव की शिनाख्त में पुलिस जुट गई है। इसके लिए डीसीआरबी के जरिए राज्य के साथ ही उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती जिलों की पुलिस से गुमशुदा लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। साथ ही पुलिस ने मृतका का डीएनए सेंपल भी सुरक्षित रख लिया है।
सोमवार शाम को पहाड़गंज और रम्पुरा के मध्य से बहने वाली कल्याणी नदी पर एक बोरे में महिला की लाश मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरे को नदी से बाहर निकाला तो उसके हाथ पैर भी बंधे थे। इस पर पुलिस ने मृतका की शिनाख्त का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिली। जिसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया था। साथ ही मृतका की शिनाख्त के लिए जिले के साथ ही राज्य के अन्य जिलों और उत्तर प्रदेश की पुलिस से भी डीसीआरबी के जरिए संपर्क कर गुमशुदा लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई। फिलहाल अब तक मृतका की शिनाख्त नहीं हो पाई है।
बाद में पुलिस ने मृतका का डीएनए सेंपल सुरक्षित रख लिया। कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि प्रथम दृष्टया महिला की हत्या कर शव फेंके जाने की संभावना है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। बताया कि मृतका की शिनाख्त के बाद हत्या के रहस्य से परदा उठ जाएगा। कोतवाल विजेंद्र शाह ने बताया कि 72 घंटे बाद शव का अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। ऐसे में बाद में कोई लावारिस महिला के शव का वारिस बनकर आए तो उससे डीएनए का मिलान किया जाएगा।