नैनीताल जिले में बढ़ डेंगू का प्रकोप, अब तक 19 मामले सामने आए, 10 से अधिक मरीज दमुवाढूंगा क्षेत्र से
Dengue outbreak in Nainital स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की टीम ने दमुवाढूंगा में घर-घर जाकर निरीक्षण किया। कई घरों में कूलर चेक किए। इसमें से तीन घरों में डेंगू के लार्वा मिलने पर नगर मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताई।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : डेंगू का प्रकोप बढ़ने लगा है। जिले में अब तक 19 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें 10 से अधिक मरीज दमुवाढूंगा क्षेत्र से ही है। डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल के निर्देश पर शनिवार को तीन विभागों की टीम क्षेत्र में पहुंची। टीम को तीन घरों में रखे कूलर में डेंगू के लार्वा मिले।
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. ऋचा सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग व नगर निगम की टीम ने दमुवाढूंगा में घर-घर जाकर निरीक्षण किया। कई घरों में कूलर चेक किए। इसमें से तीन घरों में डेंगू के लार्वा मिलने पर नगर मजिस्ट्रेट ने नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि मच्छर साफ पानी में पैदा होता है। इसलिए किसी भी बर्तन में पानी लंबे समय तक न रखा जाए। लोगों के घरों में कूलर, टायर, गमले व अन्य बर्तनों में जमा पानी गिराया और लार्वा नष्ट कराए। साथ ही सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में किसी के घर में इस तरह जमा पानी मिला तो उसका चालान किया जाएगा। एसीएमओ डा. रश्मि पंत व नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. मनोज कांडपाल ने लोगों को सफाई को लेकर जागरूक किया।
डेंगू के दो नए मरीज मिले
सीएमओ डा. भागीरथी जोशी ने बताया कि डेंगू के अब तक 19 मामले सामने आ चुके हैं। बेस अस्पताल में एक संदिग्ध लक्षणों वाला मरीज भर्ती हुआ था। उसकी जांच के लिए सैंपल लैब में भेजा गया है। एसटीएच में दो और मरीज डेंगू पाजिटिव पाए गए हैं।
एसटीएच में एक और जेई का मरीज भर्ती
जापानी इंसेफ्लाइटिस के मरीजों की संख्या भी बढ़ने लगी है। ऊधम सिंह नगर की नानकमत्ता निवासी 31 वर्षीय एक महिला तीन दिन से एसटीएच में भर्ती है। राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रो. अरुण जोशी ने बताया कि महिला की जेई की जांच कराई गई।
रिपोर्ट पाजिटिव आई है। मरीज को वेंटीलेटर में भर्ती किया गया है। वहीं नानकमत्ता की ही एक मरीज पहले से भर्ती है। एक सप्ताह पहले जेई से ग्रस्त काशीपुर निवासी 60 वर्षीय मरीज की मौत हो गई थी।