Dengue in Uttarakhand: हल्द्वानी में डेंगू से एक और मौत, एसटीएच में भर्ती जसपुर की किशोरी ने तोड़ा दम
Dengue in Uttarakhand जसपुर की 13 वर्षीय किशोरी को 21 नवंबर को एसटीएच लाया गया था। उसकी हालत गंभीर थी। बाल रोग विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. ऋतु रखोलिया ने बताया कि किशोरी डेंगू से ग्रस्त होने के साथ ही इंसेफ्लाइटिस भी था।
हल्द्वानी, जागरण संवाददाता : Dengue in Uttarakhand: डेंगू जानलेवा बनता जा रहा है। कुमाऊं के सबसे बड़े अस्पताल हल्द्वानी स्थित डा. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय में डेंगू से ग्रस्त किशोरी ने दम दोड़ दिया है। स्वजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लाए थे। वेंटीलेटर पर उसका इलाज चल रहा था।
21 नवंबर को बेहद गंभीर हालत में हुई थी भर्ती
किशोरी जसपुर की रहने वाली है और उसकी उम्र 13 वर्ष है। किशोरी को 21 नवंबर को स्वजन एसटीएच लेकर पहुंचे थे। उसकी हालत बेहद गंभीर थी। बाल रोग विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. ऋतु रखोलिया ने बताया कि जब उसे देखा तो उसका ब्लड प्रेशर बहुत कम था। आंख की पुतलियां भी काम नहीं कर रही थीं। डेंगू से ग्रस्त होने के साथ ही इंसेफ्लाइटिस भी था। दिमाग में कई जगह सूजन था।
डेंगू से ग्रसित चार बच्चे अभी भर्ती
डॉ. रखोलिया ने बताया कि कुछ दिन उसे वेंटीलेटर पर रखकर इलाज किया गया, लेकिन मंगलवार को उसने दम तोड़ दिया। इस समय बाल रोग विभाग में डेंगू से ग्रस्त चार बच्चे भर्ती हैं। इनकी हालात सामान्य है। हल्द्वानी में डेंगू से यह दूसरी मौत है।
डेंगू की चपेट में आए यातायात पुलिस के चार कर्मी
इधर, ऊधम सिंह नगर के रुद्रपुर शहर में भी डेंगू पांव पसार रहा है। रुद्रपुर में ही यातायात पुलिस के चार पुलिस कर्मी डेंगू की चपेट में आ गए हैं। इनमें से दो की हालत में सुधार है, जबकि दो अस्पताल में भर्ती हैं। रुद्रपुर में तैनात यातायात पुलिस कर्मी कैलाश समेत तीन अन्य को पिछले कई दिनों से बुखार आ रहा था। सभी चिकित्सक से दवा ले ले रहे थे।
यह भी पढ़ें : हल्द्वानी में डेंगू हुआ और खतरनाक, 14 नए मरीज मिले, अब तक इतने हो चुके संक्रमित
दो पुलिस कर्मियों की हालत में सुधार
सोमवार रात कांस्टेबल कैलाश की तबीयत अचानक खराब हो गई तो उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके अलावा तीन अन्य यातायात पुलिस कर्मियों का भी उपचार चल रहा है। मंगलवार को इनमें से दो की हालत में सुधार होने पर उन्हें घर भेज दिया गया। निरीक्षक यातायात विजय विक्रम ने बताया कि चार यातायात पुलिस कर्मी डेंगू की चपेट में आए थे। दो की हालत में सुधार है, जबकि दो का उपचार चल रहा है।