Nainital News : रोजगार और व्यापार बढ़ाने को कानपुर से नैनीताल को बस और ट्रेन से जोड़ने की मांग
कानुपर के औद्योगिक नगरी होने की वजह से कुमाऊं से व्यापारिक गतिविधियां जुड़ी हुई हैं। इसे लेकर व्यापारियों का आवागमन लगा रहता है। इसके अलावा लोग नैनीताल के अलावा कुमाऊं के अन्य पर्यटक स्थलों की सैर करने आते हैं लेकिन सीधी परिवहन सेवा न होना अखरता है।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी : नैनीताल भले ही दुनिया में प्रसिद्ध हो लेकिन इस जिले से देश के तमाम महत्वपूर्ण शहरों में आवागमन के लिए सीधी परिवहन सेवा उपलब्ध नहीं है। राज्य बनने के 22 वर्ष बाद भी औद्योगिक नगरी कानपुर तक के लिए न ही वाल्वो बस है और न ही ट्रेन चलाई जा सकी है। हवाई सेवा भी आज तक सपना ही बना हुआ है।
कानुपर के औद्योगिक नगरी होने की वजह से कुमाऊं से व्यापारिक गतिविधियां जुड़ी हुई हैं। इसे लेकर व्यापारियों का आवागमन लगा रहता है। इसके अलावा लोग नैनीताल के अलावा कुमाऊं के अन्य पर्यटक स्थलों की सैर करने आते हैं, लेकिन सीधी परिवहन सेवा न होना अखरता है।
उत्तराखंड से हल्द्वानी डिपो की एक बस प्रतिदिन और काठगोदाम डिपो की एक बस दूसरे दिन चलती है, लेकिन यह साधारण बसें हैं। ट्रेन सेवा का इससे बदतर हाल है। केवल गरीब रथ प्रत्येक सोमवार को को काठगोदाम से कानपुर तक जाती है। इस ट्रेन के प्रतिदिन नहीं चलने से इसका लाभ भी अधिकांश लोग नहीं ले पाते हैं। हवाई सेवा भी शुरू नहीं हो सकी है।
हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश ने बताया कि औद्योगिक नगरी कानपुर के लिए परिवहन सेवाएं पहले से ही होनी चाहिए थी। यहां के व्यापारियों से लेकर पर्यटन को पंख लगते। रोजगार बढ़ता। शहर को समृद्ध बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। विधायक कालाढूंगी बंशीधर भगत का कहना है कि लखनऊ तक सेवाएं हैं। कानपुर तक के लिए साप्ताहिक ट्रेन है। इसके अलावा औद्योगिक नगरी को नैनीताल से जोड़ने के लिए प्रयास हुए हैं। इस बात को सरकार के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा।
28 मार्च से हवाई सेवा का दावा हवाई
राज्य सरकार का दावा था कि 28 मार्च, 2022 से कानुपर के लिए भी पंतनगर हवाई अड्डे से हवाई सेवा शुरू होगी, लेकिन अभी तक यह दावा हवा-हवाई ही है। यहां तक कि पंतनगर से लखनऊ तक के लिए भी हवाई सेवा नहीं है। हवाई सेवा से लखनऊ-कानपुर जाने वाले यात्रियों को पहले दिल्ली जाने को मजबूर होना पड़ता है।