बहू ने ससुर पर लगाया शारीरिक शोषण करने का आरोप, पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
ताड़ीखेत ब्लॉक के मंडलकोट क्षेत्र में बहू ने अपने ससुर पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। राजस्व चौकी पहुंची विवाहिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
रानीखेत, जेएनएन : कहते हैं बहू घर की लक्ष्मी होती है, लेकिन घर की लक्ष्मी को जब अपनों से ही खतरा हो तो सारी कही कहाई बातें निरर्थक हो जाती हैं। यह घटना भी कुछ ऐसी ही है। जी हां रानीखेत की एक बहू ने अपने ससुर की नैतिकता पर ही सवाल उठा दिया है। उसने थाने पहुंचकर जो शिकायत दर्ज कराई है उससे पुलिस वाले भी स्तब्ध है। उसने ससुर पर शारीरिक शोषण करने का आरोप लगाया है। फिलहाल आरोपित ससुर की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। वहीं पीडि़ता की मेडिकल जांच कराई जा रही है।
महिला ने मंगलवार को चौकी में अपने पति व सास पर दहेज उत्पीडऩ की शिकायत दर्ज कराई। राजस्व पुलिस तब सकते में आ गई जब विवाहिता ने ससुर पर शारीरिक शोषण का आरोप लगा कार्रवाई की गुहार लगाई। पीडि़ता के अनुसार उसका चार वर्ष पूर्व विवाह हुआ था। पति व सास दहेज की खातिर उसे आए दिन प्रताडि़त व मारपीट करते हैं। उसने ससुर पर शारीरिक शोषण का आरोप लगा तीनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। राजस्व उपनिरीक्षक भुजान विजेंद्र नाथ गोस्वामी के अनुसार आरोपित के ससुर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही। इसके बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट दर्ज कर की जा रही है जांच
हेमंत मेहरा, तहसीलदार ने बताया कि पीडि़ता ने राजस्व चौकी में तहरीर दी है। उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। उसने ससुर पर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। उसका मेडिकल करा लिया है। विभिन्न बिंदुओं पर जांच की जा रही है। राजस्व उपनिरीक्षक से रिपोर्ट मांगी है।