Move to Jagran APP

लापता पर्वतारोहियों को खोजने के लिए शुरू हुआ ''डेयर डेविल'' अभियान, जानिए

नंदा देवी ईस्ट में लापता पर्वतारोहियों की खोज एवं बचाव अभियान का नाम डेयर डेविल दिया गया है। एनडीआरएफ की टीम पिथौरागढ़ पहुंच चुकी है।

By Skand ShuklaEdited By: Published: Fri, 07 Jun 2019 12:40 PM (IST)Updated: Fri, 07 Jun 2019 12:40 PM (IST)
लापता पर्वतारोहियों को खोजने के लिए शुरू हुआ ''डेयर डेविल'' अभियान, जानिए
लापता पर्वतारोहियों को खोजने के लिए शुरू हुआ ''डेयर डेविल'' अभियान, जानिए

पिथौरागढ़, जेएनएन : नंदा देवी ईस्ट में लापता पर्वतारोहियों की खोज एवं बचाव अभियान का नाम डेयर डेविल दिया गया है। एनडीआरएफ की टीम पिथौरागढ़ पहुंच चुकी है। डेयर डेविल अभियान अब पिंडारी से पैदल और पिथौरागढ़ से हेलीकॉप्टर से चलेगा। इसको लेकर डीएम की अध्यक्षता में समन्वय बैठक में आगे की रणनीति तय की गई है।

loksabha election banner

नंदा देवी की विषम भौगोलिक स्थिति को देखते हुए यहां पर खोज एवं बचाव कार्य में काफी बदलाव करने पड़े हैं। हेलीकॉप्टर से रेस्क्यू कार्य कठिन होने से अब पैदल रेस्क्यू कार्य का भी निर्णय लिया गया है। जिसके लिए दो दल बनाए जा रहे हैं। एक दल पैदल बागेश्वर के पिंडारी ग्लेशियर से रवाना होगा तो दूसरा दल पिथौरागढ़ से हेलीकॉप्टर के जरिये रेस्क्यू कार्य करेगा। उच्च हिमालय में मर्तोली से अभियान का संचालन होगा। एनडीआरएफ की टीम पहुंचने के बाद डीएम डॉ. वीके जोगदंडे, पुलिस अधीक्षक आरसी राजगुरु  के निर्देशन में समन्वय बैठक हुई। बैठक में आइटीबीपी, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और भारतीय पर्वतारोहण संस्थान के खोज एवं बचाव दल के सदस्य शामिल रहे। जिसमें दो टीमों का गठन किया गया। भौगोलिक स्थिति के चलते अब इस अभियान में लंबा समय लगने की संभावना है। बताया जा रहा है कि पिंडारी से जाने वाले पैदल बचाव दल की हेलीकॉप्टर से रेकी जारी रहेगी। जिलाधिकारी वीके जोगडंडे ने बताया कि पोलैंड के पर्वतारोही दल को नंदा देवी बेस कैंप पर ही रोका गया है।

नंदा देवी में हिमपात, मुनस्यारी क्षेत्र में बूंदाबांदी 

गुरु वार को नंदा देवी क्षेत्र में मौसम खराब रहने से रेस्क्यू कार्य नहीं चल सका। आइटीबीपी से मिली सूचना के अनुसार नंदा देवी क्षेत्र में गुरु वार को हिमपात हुआ है। मुनस्यारी सहित उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम खराब रहा। दिन भर हल्की बूंदाबांदी हुई। जिसके चलते हेलीकॉप्टर नहीं उड़ सका। हिमपात होने से नंदा देवी क्षेत्र में फिर से एवलांच आने की आशंका जताई जा रही है।

अभियान के लिए दो चीता हेलीकॉप्टर पहुंचे 

अभियान के लिए वायु सेना के दो और चीता हेलीकॉप्टर पिथौरागढ़ पहुंच चुके हैं। अब यहां पर तीन हेलीकॉप्टर हो चुके हैं। मौसम साफ रहने पर शुक्रवार को अभियान चलेगा। वहीं लापता आइएमएफ के लाइजन अफसर चेतन पांडेय के भाई हिमांशु भी पिथौरागढ़ पहुंचे हैं। भाई के बारे में जानकारी नहीं मिलने से परेशान हैं।  

यूके के चार पर्वतारोही स्वदेश लौटने को दिल्ली रवाना

अपने सात साथियों के दिवंगत होने के दर्द को दिल में दबा कर सुरक्षित बचे इंग्लैंड निवासी चार पर्वतारोही स्वदेश लौट रहे हैं। गुरुवार को चारों मुनस्यारी से नई दिल्ली को रवाना हुए। रवाना होने से पूर्व पर्वतारोहियों ने नंदा देवी का उद्घोष किया। सभी की आंखें नम थी और चेहरे में दर्द झलक रहा था। नंदा देवी ईस्ट अभियान पर गए सभी 12 पर्वतारोहियों का सामान लेकर नंदा देवी बेस कैंप से मजदूर मुनस्यारी पहुंचे। सुरक्षित निकाल लिए गए चार पर्वतारोहियों का सामान छांटा गया। दल के चारों पर्वतारोही अपने दल लीडर यूके निवासी मार्टिन के लापता होने से खासे मायूस हैं। नंदा देवी ईस्ट अभियान में बारह सदस्यीय दल गया था। जिसमें इंग्लैंड, यूएसए और आस्ट्रेलिया के पर्वतारोही शामिल थे। एक सदस्य अभियान शुरू होने से पूर्व ही तबीयत खराब होने से वापस लौट गया था। 11 पर्वतारोही और भारतीय आइएमएफ का लाइजन आफीसर एवलांच की चपेट में आकर लापता हो गए। लापता होने वालों में टीम लीडर मार्टिन मोरिन, जॉन चार्लिस मैकलर्न, रिचर्ड प्याने,  रू पर्ड वेबैल सभी यूके निवासी, यूएसए के एंथोनी सुडेकम, रोनाल्ड वीमेल और आस्ट्रेलिया निवासी महिला पर्वतारोही रू थ मैकन्स तथा भारतीय लाइजन अफसर चेतन पांडेय शामिल हैं। दल में शामिल यूके निवासी चार पर्वतारोही बेस कैंप में सुरक्षित रहे। चारों पर्वतारोहियों जर्चे क्वैन, केट आर्मस्ट्रोन, इयान वडे और मार्क थॉमस को दो जून को वायु सेना के हेलीकॉप्टर से बेस कैंप से पिथौरागढ़ लाया गया। जहां पर मेडिकल परीक्षण के बाद चारों बुधवार को मुनस्यारी गए थे। गुरु वार को स्वदेश जाने के लिए मुनस्यारी से दिल्ली को रवाना हो गए हैं। रवाना होने से पूर्व टीम के उपलीडर मार्क थॉमस ने कहा कि अपने गुरु  मार्टिन की याद में 2020-21 में वे बड़ी टीम के साथ नंदा देवी ईस्ट अभियान में आएंगे और नंदा देवी का आरोहण करेंगे। अभियान में अपने सात साथियों को खो चुके इग्लैंड निवासी चारों पर्वतारोहियों के आंखों में आंसू थे और गला भर आया था। इससे पूर्व चारों पर्वतारोहियों ने एसडीएम आरसी गौतम और एसओ प्रदीप चौहान को घटना की लिखित जानकारी दी। नंदा देवी की जय कहते हुए चारों पर्वतारोही भारी मन से दिल्ली को रवाना हुए । 

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.