एक अक्टूबर से कॉर्बेट पार्क में इन दो जोन में शुरू होगी पर्यटकों की चहल-पहल, 21 सितंबर से कर सकेंगे बुकिंग
रामनगर के फाटो और हाथी डगर पर्यटन जोन 1 अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खुल जाएंगे, जिसकी ऑनलाइन बुकिंग 21 सितंबर से शुरू होगी।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रामनगर। तीन माह से फाटो व हाथी डगर पर्यटन जोन एक अक्टूबर से पर्यटकों के लिए खुल जाएगा। पर्यटक सफारी के लिए 15 दिन पहले 21 सितंबर से आनलाइन बुकिंग कर सकते हैं। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के अंतर्गत फाटो व हाथीडगर पर्यटन जोन 30 जून से मानसून सीजन के चलते पर्यटकों के लिए बंद है।
बारिश में जंगल में नदी नाले में पानी का बहाव बढ़ जाता है। सफारी मार्ग खराब हो जाते हैं। जिस वजह से जुलाई से सितंबर तक जिप्सी सफारी व रात्रि विश्राम की सुविधा बंद की जाती है। वन विभाग ने एक अक्टूबर से दोनों पर्यटन ज़ोन को खोलने का निर्णय लिया है।
यह भी पढ़ें- कॉर्बेट बिजरानी सफारी के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू, आईडी स्कैन अपलोड करना अनिवार्य
फाटो पर्यटन जोन में जिप्सी सफारी व रात्रि विश्राम की सुविधा एक अक्टूबर से ही पर्यटकों को मिलेगी। आनलाइन बुकिंग 21 सितंबर से शुरू हो जाएगी। पर्यटक विभागीय बेबसाइट फाटो इकोजोन.इन पर एडवांस बुकिंग करा सकते हैं। तीन महीनों से बंद इन पर्यटन क्षेत्रों में एक बार फिर से सैलानियों की चहल-पहल देखने को मिलेगी।
इन दोनों जोन के दोबारा खुलने से स्थानीय जिप्सी चालकों, गाइडों, रिसॉर्ट मालिकों और होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल गए हैं, क्योंकि इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को रफ्तार मिलेगी। इसके अलावा 15 अक्टूबर से कार्बेट का बिजरानी पर्यटन जोन भी जिप्सी सफारी करने को पर्यटकों के लिए खुल जाएगा।
