दिल्ली की रैली के लिए एकजुट हुई कांग्रेस
दिल्ली में आयोजित विशाल रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेताओ ने तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को स्वराज आश्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने नैनीताल और ऊधमसिंह नगर के पदाधिकारियों की बैठक ली।
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी: दिल्ली में आयोजित विशाल रैली में शामिल होने के लिए कांग्रेस नेताओं ने तैयारी शुरू कर दी है। शनिवार को स्वराज आश्रम में नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश ने नैनीताल व ऊधमसिंह नगर के पदाधिकारियों की बैठक ली और कहा कि राज्य कांग्रेस को केंद्रीय नेतृत्व से मिले 10 हजार लोगों का लक्ष्य सभी मिलकर पूरा करेंगे।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि दिल्ली में 14 दिसंबर को सोनिया गांधी के नेतृत्व में विशाल रैली का आयोजन होना है। बढ़ती महंगाई, लचर कानून व्यवस्था, सरकारी सिस्टम के दुरुपयोग से संबंधित तमाम मुद्दों पर भाजपा को घेरा जाएगा। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए रैली में हिस्सा लेना होगा। इसके साथ ही नेता प्रतिपक्ष ने दोनों जिलों के 14 विधानसभा क्षेत्रों से लोगों को रैली में शामिल कराने के लिए संबंधित क्षेत्रीय नेताओं को जिम्मेदारी दी। इसमें विधायक, पूर्व विधायक, जिला पंचायत सदस्य व पार्टी पदाधिकारी शामिल हैं। जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने कहा कि कांग्रेस ही आम आदमी के हितों का ध्यान रखती है। इसलिए भाजपा की जनविरोधी नीतियों का पुरजोर विरोध करना होगा।
इस दौरान नैनीताल जिले से हरीश दुर्गापाल, प्रकाश जोशी, दान सिंह भंडारी, संजीव रावत, पुष्कर दुर्गापाल, हरेंद्र बोरा और ऊधमसिंह नगर से गोपाल राणा, भुवन कापड़ी, डॉ. गणेश उपाध्याय, हरीश पनेरू, सुरेंद्र सिंह पाटू, गुरजीत सिंह आदि शामिल रहे। संचालन राहुल छिमवाल ने किया।
---
अगली बैठक 11 को होगी
जिलाध्यक्ष ने बताया कि रैली की तैयारियों के लिए अंतिम बैठक 11 दिसंबर को स्वराज आश्रम में होगी। इसमें प्रदेश प्रभारी अनुग्रह नारायण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, रैली के प्रदेश प्रभारी अनिल शर्मा, नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश शामिल होंगी। 12 दिसंबर को सितारगंज, रुद्रपुर, काशीपुर में भी बैठक होगी।