बादलों के बीच 24 घंटे में तीन डिग्री बढ़ा तापमान, नवंबर अंतिम दिनों में फिर कंपकंपाएगी सर्दी
वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से मौसम में आया बदलाव अभी बना हुआ है। कुमाऊं में पर्वतीय जिलों से लेकर नैनीताल जिले के मैदानी इलाकों तक बादलों की मौजूदगी बनी है। गुरुवार यानी आज भी मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है।
हल्द्वानी, जेएनएन : वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से मौसम में आया बदलाव अभी बना हुआ है। कुमाऊं में पर्वतीय जिलों से लेकर नैनीताल जिले के मैदानी इलाकों तक बादलों की मौजूदगी बनी है। गुरुवार यानी आज भी मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना है। 27 नवंबर से मौसम साफ होने के आसार हैं।
उत्तराखंड मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस का उत्तराखंड का असर बना हुआ है। गुरुवार सुबह हल्द्वानी व आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहे। हालांकि तापमान में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। बुधवार को हल्द्वानी का न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। सामान्य से यह दो डिग्री अधिक है।
चार दिन बाद हल्द्वानी का तापमान सामान्य से अधिक पहुंचा है। जबकि 24 घंटे में तापमान में तीन डिग्री की तेजी आई है। उधर, हिल स्टेशन मुक्तेश्वर का तापमान 5.6 डिग्री पहुंच गया है। 24 घंटे के दौरान मुक्तेश्वर का तापमान में एक डिग्री से अधिक की बढोतरी हुई है। नैनीताल का तापमान पिछले कई दिनों से 6.0 डिग्री पट अटका हुआ है।
28 से फिर गिरेगा तापमान
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिनों में तापमान में फिर से कमी आने लगेगी। मौसम विज्ञानी डा. आरके सिंह ने बताया कि हिमपात के बाद ठंडक बढ़ती है। हवा अपने साथ बर्फीली ठंडक लेकर आती है। नवंबर के आखिरी दिनों में एक बार फिर शीतलहर की स्थिति देखने को मिल सकती है। तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री तक नीचे पहुंचने की संभावना है।
24 घंटे में ऐसे बदला तापमान
स्टेशन 24 नवंबर 25 नवंबर
मुक्तेश्वर 4.3 डिग्री 5.6 डिग्री
अल्मोड़ा 4.4 डिग्री 6.2 डिग्री
पिथौरागढ़ 5.0 डिग्री 6.6 डिग्री
नैनीताल 6.0 डिग्री 6.0 डिग्री
चम्पावत 2.2 डिग्री 4.5 डिग्री
हल्द्वानी 7.5 डिग्री 10.3 डिग्री