राधा स्वामी सत्संग व्यास के सालाना समागम में पहुंचे सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत nainital news
राधा स्वामी सत्संग व्यास के सालाना समागम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पहुंचे। जहां उन्होंने आध्यात्मिक संत गुरिद्र सिंह ढिल्लो से मुलाकात की।
रुद्रपुर, जेएनएन : राधा स्वामी सत्संग व्यास के सालाना समागम में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत पहुंचे। जहां उन्होंने आध्यात्मिक संत गुरिद्र सिंह ढिल्लो से मुलाकात की। इस दौरान करीब आधे घंटे तक मुख्यमंत्री परिसर में रहे।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत देहरादून से हेलीकॉप्टर से राधा स्वामी सत्संग व्यास परिसर में सुबह साढ़े नौ बजे पहुंचे। जहां उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, शिक्षा मंत्री अरविंवद पांडेय आदि मौजूद थे। हेलीपैड पर विधायक राजकुमार ठुकराल, किच्छा विधायक राजेश शुक्ला, डीएम नीरज खैरवाल, एसएसपी बरिंदरजीत सिंह, एसडीएम मुक्ता मिश्रा आदि ने उनका स्वागत किया। हेलीपैड से वह पैदल ही राधा स्वामी सत्संग व्यास के प्रमुख व आध्यात्मिक संत गुरिंद्र सिंह ढिल्लो से उनके कक्ष में जाकर मुलाकात की। इस दौरान बातचीत में आध्यात्मिक संत ने राधा स्वामी सत्संग ब्यास की ओर से किए जा रहे सामाजिक कार्यों के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि गुजरात में आए भूकंप के दौरान किस तरह सेवादारों ने अभियान चलाकर लोगों की मदद की। संस्था की ओर से किए जा रहे अन्य कार्यों के बारे में भी बताया। आध्यात्मिक संत का आशीर्वाद लेने के बाद वह सुबह 10 बजे देहरादून वापस हो गए। बाद में परिवहन समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य भी मौके पर पहुंचे। विधायक राजकुमार ठुकराल व किच्छा विधायक राजेश शुक्ल ने सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक संत समागम में भी हिस्सा लिया।
पूरे देश से पहुंचे लोग
राधा स्वामी सत्संग ब्यास के सालाना समागम में हिस्सा लेने के लिए पूरे देश से लोग पहुंचे। जिसमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, बिहार व पड़ोसी देश नेपाल से भी लोग पहुंचे। परिसर में आए लोगों के लिए सत्संग ब्यास की ओर से बेहतर इंतजाम किए गए हैं।