बचपन के शौक को बनाया रोजगार का साधन, ऑनलाइन भी बिक रहे उत्पाद
कहते हैं शौक बड़ी चीज है और यह शौक अगर आपको रोजगार दिला दे तो फिर क्या कहने। एमबीपीजी कॉलेज की छात्रा हिमानी मलारा के साथ ऐसा ही कुछ हुआ है।
शहबाज अहमद, हल्द्वानी। कहते हैं शौक बड़ी चीज है और यह शौक अगर आपको रोजगार दिला दे तो फिर क्या कहने। एमबीपीजी कॉलेज की छात्रा हिमानी मलारा के साथ ऐसा ही कुछ हुआ है। अपने बचपन के शौक को उन्होंने रोजगार का साधन बना लिया है। साइंस की छात्रा होने के बाद भी कला के क्षेत्र में उनकी रुचि बरकरार है। यही कारण है कि नैनीताल, देहरादून, बंगलूरू, दिल्ली, आदि जगहों पर उनके हुनर को पहचाना जा रहा है। घर की सजावट के वस्तु और उपहार हिमानी अपने हाथों से ही बनाती हैं। इसकी डिमांड मार्केट में बहुत है। हिमानी बताती है कि बचपन से ही कलाकृतियों में वह हमेशा आगे रहीं। कक्षा दस में साइंस साइड विषय चुनने के बाद कला विषय से दूरी बढ़ गई थी, लेकिन छुट्टियों के दिनों हैंड मेड गिफ्ट बनाया करती थी। मां-पिता व दोस्तों के सहयोग से गिफ्ट बनाने के साथ घरों के सजावट के वस्तु भी बनाने लगीं। कुछ दिनों में ही उनके हैंडमेड वस्तु लोगों को पसंद आने लगे, जिसके बाद ऑर्डर भी मिलने लगे। इन दिनों हल्द्वानी में लगभग 350 ग्राहक बन चुके हैं। सोशल मीडिया ने उनके इस हुनर को और आगे बढ़ा दिया, जिससे दूसरे शहरों के लोग भी उनके मुरीद बन गए और ग्राहक बनकर उनके हैंडमेड वस्तुओं को खरीदने लगे।
एक्सप्लोजन कार्ड की डिमांड अधिक
हाथों से बने टावर एक्सप्लोजन बॉक्स, हेक्सागोनल बॉक्स, मैसेज बॉटल, वॉल डेकोरेशन आदि गिफ्ट में एक्सप्लोजन बॉक्स की डिमांड ज्यादा है। यह गिफ्ट ऐसा है कि इसे खोलते ही अंदर की डेकोरेशन सामग्री फैल जाती है, जो बेहद आकर्षित दिखता है। हिमानी ने बताया कि एक्सप्लोजन बॉक्स बनाने में वह पेपर, फेविकोल, कलर, पेपर बॉक्स व गिफ्ट मैटेरियल का इस्तेमाल करती हैं।
ऑनलाइन भी है मांग
फरवरी 2019 से हिमानी ने इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर अपने हुनर को दर्शाया। इसका परिणाम काफी हद तक अच्छा मिला। उसके बाद लोगों के ऑनलाइन ऑर्डर भी आने लगे। दूर-दराज के लोग ऑनलाइन ही प्रोडक्ट की खरीदारी करते हैं।
यह भी पढ़ें : अच्छी खबर : टी-20 के लिए उत्तराखंड की महिला टीम में बनाएं जगह, ट्रायल 25 से