यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Champawat Bypoll : चम्पावत के 96213 मतदाता करेंगे मुख्यमंत्री के भाग्य का फैसला, सुबह सात बजे से मतदान
Champawat by election चंपावत उपचुनाव में मतदान के लिए विधान सभा में 151 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों के ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, चम्पावत : Champawat by election : चंपावत विधानसभा में मंगलवार को होने वाले उपचुनाव में मुख्यमंत्री सहित चार प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद हो जाएगा। यहां 96213 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 50,171 और महिला मतदाताओं की संख्या 46042 है। खटीमा सीट से विधानसभा चुनाव हार चुके मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी यहां उपचुनाव लड़ रहे हैं। उनके सामने कांग्रेस की निर्मला गहतोड़ी, सपा समर्थित प्रत्याशी मनोज कुमार उर्फ ललित मोहन भट्ट और निर्दलीय हिमांशु गड़कोटी ताल ठोंक रहे हैं। मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। प्रशासन ने शांतिपूर्ण और निष्पक्ष चुनाव की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि मतदान के लिए विधान सभा में 151 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों के लिए सभी 151 पोलिंग पार्टियों को भेज दिया गया है। सोमवार को 135 पोलिंग पार्टियां गंतव्य को रवाना हुईं। जबकि रविवार को दूरस्थ क्षेत्रों की 16 पार्टियों को रवाना किया गया था। सोमवार को जिलाधिकारी एवं एसपी देवेंद्र पींचा ने पोलिंग पार्टियों के साथ सुरक्षा में लगे जवानों की ब्रीफिंग की। जिलाधिकारी ने चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न करने के निर्देश दिए।
एसपी ने भी सुरक्षा में तैनात जवानों को ट्रेनिंग में दी गई जानकारी को धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि मतदान सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक होगा। पांच बजे बाद किसी भी मतदाता को बूथ परिसर में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। जो मतदाता मतदान बूथ में पहुंच गए हैं और पंक्ति में खड़े हैं उन्हें ही पांच बजे बाद मतदान करने का अवसर मिलेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 32 बूथों को संवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है। इन बूथों की सुरक्षा, एसएसबी व पीएसी के हवाले की गई है।
रहेगा सार्वजनिक अवकाश
आज होने वाले उपचुनाव में पूरे विधान सभा क्षेत्र में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। बाजार और बैंक भी बंद रहेंगे। सार्वजनिक अवकाश का उद्देश्य सभी सरकारी, गैर सरकारी एवं प्राईवेट कंपनियों एवं प्रतिष्ठानों में कार्य करने वाले लोगों को मतदान का अवसर देना है। ताकि मतदान प्रतिशत बढ़ाया जा सके। उपचुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बीते दिन सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने भी आदेश जारी किए थे। आदेश के मुताबिक 31 मई को उपचुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया होनी है। साप्ताहिक छुट्टी का दिन न होकर इसे बंदी दिवस के रूप में मनाए जाने की लोगों से अपील की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र सिंह भंडारी ने बताया कि विस क्षेत्र से जो भी लोग बाहरी जिलों में कार्यरत हैं। ऐसे लोगों के लिए मंगलवार को अवकाश का दिन घोषित किया गया है।