हरिद्वार से लौट रहे ग्रामीणों की कार खाई में गिरी, चालक की मौत, पांच घायल
हरिद्वार से पूजा-अर्चना कर वापस घर लौट रहे ग्रामीणों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। इसमें सवार पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए। हादसे में चालक की मौत हो गई।
रानीखेत, जेएनएन : हरिद्वार से पूजा-अर्चना कर वापस घर लौट रहे ग्रामीणों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरा। इसमें सवार पांच लोग मामूली रूप से घायल हो गए। जबकि गंभीर रूप से घायल वाहन चालक को हायर सेंटर रेफर कर दिया। सूत्रों के अनुसार चालक की हल्द्वानी में मौत हो गई।
विकासखंड द्वाराहाट के ग्राम पंचायत कुलसीवी (कुंवाली) निवासी विश्नोई देवी, शंभू दत्त, भोला दत्त, दीपा तिवाड़ी व कनिष्का पूजा अर्चना को हरिद्वार गए थे। बीती रात सभी लोग हरिद्वार से वाहन यूके 01टीए-2300 से वापस गांव लौट रहे थे कि कुंवाली भिटारकोट रोड पर चालक नंदन सिंह (37) पुत्र गोविंद सिंह निवासी कुलसीवी संतुलन खो बैठा। नतीजतन अंसतुलित होकर वाहन खाई की ओर जा पलटा। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण घटना की ओर दौड़े। आपातकालीन सेवा 108 को सूचना दी गई। स्थानीय लोगों ने दुर्घटना में घायल लोगों को खाई से बाहर निकाला। 108 सेवा की मदद से घायलों को इलाज के लिए गोविंद सिंह माहरा नागरिक चिकित्सालय भेजा गया। जहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल चालक नंदन सिंह को हायर सेंटर रेफर कर दिया। जिनकी हल्द्वानी में मौत हो गई। वहीं अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मृतक नंदन अपने पीछे एक बेटा, एक बेटी तथा पत्नी व माता-पिता को रोता बिलखता छोड़ गए है।