भाजपा प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू बोले, चीन की तरह हो गई कांग्रेस नेताओं की भाषा
भाजपा के प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इस वक्त जहां कांग्रेस को सरकार का साथ देना चाहिए था वही कांग्रेस नेता चीन की भाषा बोल रहे हैं।
हल्द्वानी, जेएनएन : भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू ने शुक्रवार को कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की वर्चुअल रैली को संबोधित किया। श्याम जाजू ने कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इस वक्त जहां कांग्र्रेस को सरकार का साथ देना चाहिए था, वही कांग्रेस नेता चीन की भाषा बोल रहे हैं। यह देश हित के लिए ठीक नहीं है।
जाजू ने राजीव गांधी फाउंडेशन को लेकर सवाल उठाते हुए कहा कि चीन से पैसा लेने वाले कांग्रेस नेता बताएं कि उनका चीन से क्या रिश्ता है? कांग्रेस का चीन से पैसा लेना और वहां कम्युनिस्ट पार्टी के साथ समझौता करना देश के साथ धोखा है। इस समय चीन सीमा पर भारत विरोधी गतिविधियां कर रहा है, लेकिन भारतीय सेना ने चीन के इस मंसूबे को असफल कर दिया है। रैली की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि आज देश पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों में पूरी तरह सुरक्षित है।
यह भी पढ़ें : मुकदमों से हमें डरा नहीं पाओगे : नेता प्रतिपक्ष