ततैया के काटने से भाजपा मंडल कोषाध्यक्ष की मौत
खेत में काम करके लौट रहे भाजपा के रामगढ़ मंडल कोषाध्यक्ष पर ततैया के झुंड ने हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
संवाद सहयोगी, भवाली : खेत में काम करके लौट रहे भाजपा के रामगढ़ मंडल कोषाध्यक्ष पर ततैया के झुंड ने हमला कर दिया। झुंड ने उनके मुंह और सिर में कई जगह काट दिया, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़े। अल्मोड़ा बेस अस्पताल ले जाने से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
गुरुवार देर शाम रामगढ़ के ल्वेशाल गांव के श्याम तिवारी 50 अपने खेत में काम पूरा करने के बाद घर लौट रहे थे। रास्ते में उन पर ततैया के झुंड ने हमला बोल दिया। ततयों ने श्याम के मुंह, सिर, हाथ पैर समेत शरीर कई जगहों पर काट दिया। जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गए। ग्रामीणों की नजर जब उन पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल परिजनों को सूचित किया। आनन-फानन में उन्हें अल्मोड़ा बेस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। श्याम की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। उनकी छह पुत्रियां हैं जिनमें से एक की शादी हो गई है। पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। भाजपा के मंडल कोषाध्यक्ष की मौत के बाद भाजपा खेमे में भी शोक छा गया है। इधर, ग्रामीणों ने कहा कि इस क्षेत्र में लंबे समय ततैया का आतंक बना हुआ है। इससे पहले भी कई लोगों और स्कूली बच्चों को ततैया काट चुकी है। श्याम के निधन पर मंडल अध्यक्ष दीवान महरा, तारा दत्त लोहनी, व कुंदन चिलवाल आदि ने शोक व्यक्त किया है। इधर, मौत के बाद ग्रामीणों में गुस्सा भी देखने को मिल रहा है।