विधानसभा चुनाव 2022 में बीजेपी और आप में होगा मुकाबला, आप प्रवक्ता ने किया दावा
राज्य में 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सीधी टक्कर भाजपा से रहेगी। राज्य में कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। इस जहाज को डुबाने वाला कोई और दूसरा दल नहीं बल्कि कांग्रेस ही है। आगामी चुनाव में कांग्रेस राज्य से पूरी तरह बाहर हो जाएगी।
हल्द्वानी, जेएनएन: राज्य में 2022 के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की सीधी टक्कर भाजपा से रहेगी। राज्य में कांग्रेस डूबता हुआ जहाज है। इस जहाज को डुबाने वाला कोई और दूसरा दल नहीं, बल्कि कांग्रेस ही है। आगामी चुनाव में कांग्रेस राज्य से पूरी तरह बाहर हो जाएगी। आप प्रवक्ता समित टिक्कू ने ये बात शनिवार को पत्रकारों से वार्ता के दौरान कही।
आप प्रवक्ता ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 में चुनावी घमासान बीजेपी और आम आदमी पार्टी के बीच होने वाला है। कांग्रेस कोई विकल्प के तौर पर नहीं है। जनता कांग्रेस को पूरी तरह से नकार चुकी है। रही सही कसर कांग्रेस के ही वरिष्ठ नेताओं के आपसी कलह ने पूरी कर दी है। कांग्रेसी नेताओं के पास आपस की लड़ाई के अलावा कोई विकल्प और मुद्दा नहीं बचा है। कांग्रेस के कई धड़े हैं, जिन्हेंं जनता और राज्य के विकास से कोई सरोकार नहीं है। दूसरी तरफ आम आदमी पार्टी के बढ़ते जनाधार से तय हो चुका है कि आगामी चुनाव बीजेपी बनाम आम आदमी पार्टी बनेगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बीच पिछले चुनावी हार को लेकर चल रही बयानबाजी हास्यास्पद है। कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह थराली उपचुनाव में कांग्रेस की हार का ठीकरा हरीश रावत पर फोड़ रहे हैं। वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत जिस तरह से प्रीतम सिंह के तंज पर नाराजगी के साथ सभी 60 विधानसभा सीटों पर हार की जिम्मेदारी एक बार फिर ले रहे हैं, ये जनता सब देख रही है। सोशल मीडिया पर भी इनके अलग-अलग धड़ों के समर्थक एक-दूसरे से उलझे हुए हैं। आपसी कलह ही सूबे में कांग्रेस का अंत करेगा, जिसके लिए सभी कांग्रेसी लगे हैं। वार्ता के दौरान पुष्कर, श्रीकांत खण्डेलवाल, रमेश कांडपाल, दीप पांडे, राजवीर, शादाब खान, महिपाल, अश्विनी, देवेश, सोनू मौजूद रहे।
मित्र विपक्ष की भूमिका में रही कांग्रेस
आप प्रवक्ता ने कहा कि जिस विपक्ष का काम सत्ता पक्ष की कमियों को उजागर करना होता है, वो पूरे चार साल मित्र विपक्ष की भूमिका निभाता रहा। अब चुनावी वर्ष नजदीक है तो अपनी जि़म्मेदारी को निभाने के बजाय विपक्ष आपसी कलह और नूराकुश्ती में उलझ गया। जिस पार्टी के नेता आपसी कलह और राजनीतिक नूराकुश्ती में उलझे हैं, वो प्रदेश का विकास क्या करेंगे। जिनसे अपना घर नहीं संभल रहा, वो क्या प्रदेश को संभालेंगे।
सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी आप
आप प्रवक्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी के 2022 में सभी 70 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इससे कांग्रेस सकते में है। कांग्रेस के नेताओं की आपसी बयानबाजी हताशा और निराशा को दिखाती है।