उत्तराखंड के बिंदुखत्ता में बड़ी चोरी से मचा हड़कंप, 22 तोला सोना और 40 ग्राम चांदी के जेवरात उड़ाए
उत्तराखंड के बिंदुखत्ता में गोधन सिंह बिष्ट के घर से चोरों ने करीब 22 तोला सोना और 4 तोला चांदी के आभूषण चुरा लिए।

इस तस्वीर का उपयोग सांकेतिक रूप में किया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, लालकुआं। बिंदुखत्ता के सुभाष नगर के समीप दवाई फार्म निवासी गोधन सिंह बिष्ट के घर को चोरों ने निशाना बनाकर करीब 22 तोला सोने और चार तोला चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। चोरों ने परिवार के सदस्यों के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कर वारदात को अंजाम दिया, जिससे किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
परिजनों के अनुसार, वारदात बीती रात करीब 12 से दो बजे के बीच हुई। चोरों ने पहले घर के कमरों की कुंडियां बाहर से बंद कीं और फिर जेवरात रखे कमरे का ताला तोड़कर अंदर रखे बॉक्स खंगाल दिए। इनमें गोधन सिंह बिष्ट की पत्नी और उनकी तीन बहुओं के आभूषण रखे थे।
गोधन सिंह ने बताया कि रात करीब 1:40 बजे उनके बेटों ने फोन कर कमरे की कुंडी बाहर से बंद होने की जानकारी दी। वह ऊपर पहुंचे और कुंडियां खोलीं। इसके बाद जेवरात वाले कमरे का ताला टूटा देख चोरी का पता चला। चोर झुमके, टॉप्स, पौजी, नथ, माला, अंगूठियां, मांगटीका और फूली समेत करीब 22 तोला सोना ले गए। इसके अलावा चार तोला चांदी के आभूषणों में पायल, कंगन, बिछुए और अंगूठी भी शामिल हैं।
घटना से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। खास बात यह है कि करीब एक सप्ताह पहले सुभाष नगर निवासी धन सिंह रौतेला के पुत्र के घर में भी चोरों ने सेंध लगाने का प्रयास किया था, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। लगातार हो रही चोरी की कोशिशों से क्षेत्रवासियों में दहशत है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। क्षेत्रवासियों ने रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की घटना का शीघ्र खुलासा करने की मांग की है।